आस्ट्रेलिया में बाढ़ से हालात बद्तर

कुछ इलाकों में हालात नियंत्रण में हैं लेकिन थियोडोर और कोंडामाइन जैसे शहर अब भी पूरी तरह वीरान पड़े हैं.
आस्ट्रेलिया के क्वीन्सलैंड इलाक़े में आई बाढ़ से 2000 से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं. माना जा रहा है कि यह आस्ट्रेलिया के इतिहास में अब तक की सबसे भयानक बाढ़ है.
क्वीन्सलैंड इलाक़े में 20 से ज़्यादा कस्बों और शहरों में बाढ़ की स्थिति चिंताजनक है, जिससे 2000 से ज़्यादा लोग प्रभावित हैं.
क्वीन्सलैंड इलाक़े में आई इस बाढ़ में एक महिला के अपनी कार सहित बह जाने और दो लोगों के लापता होने की खबर है.
41 वर्षीय यह महिला लिशार्ड नदी को पार करने की कोशिश कर रही थी. पानी के अचानक आए तेज़ बहाव में वह अपनी कार सहित बह गई.
बीबीसी संवाददाता निक ब्रायंट के अनुसार आस्ट्रेलिया में यह समय गर्मियों का होता है. इस दौरान आमतौर पर जंगल की आग का ख़तरा रहता है, लेकिन इस साल आस्ट्रेलिया के इतिहास में सबसे भयानक बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं.
निक के अनुसार क्वीन्सलैंड इलाक़े में हवाई अड्डे को बंद कर दिया गया है. मेयर ने चेतावनी दी है कि क्वीन्सलैंड का 40 फीसदी हिस्सा बाढ़ प्रभावित हो सकता है.
आपात मदद के लिए आस्ट्रेलिया की वायुसेना को बुलाया गया ताकि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित जगहों तक पहुंचाया जा सके.
माना जा रहा है कि बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई के लिए कई अरब आस्ट्रेलियाई डॉलर खर्च होंगे.
अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ का असर खनन, पर्यटन और कृषि जैसे कई क्षेत्रों पर पड़ेगा.
कुछ इलाक़ों में हालात नियंत्रण में हैं लेकिन थियोडोर और कोंडामाइन जैसे शहर अब भी पूरी तरह वीरान पड़े हैं.
बाढ़ प्रभावित इलाकों में हेलीकॉप्टरों के ज़रिए बाढ़ प्रभावितों तक खाने की सामग्री पहुंचाई जा रही है.












Click it and Unblock the Notifications