रोसेफ बनीं ब्राजील की पहली महिला राष्ट्रपति
ब्राजीलिया। वामपंथी अर्थशास्त्री डिल्मा रोसेफ ने शनिवार को ब्राजील के राष्ट्रपति का पदभार ग्रहण किया वह ब्राजील की पहली महिला राष्ट्रपति बनी हैं। इस पद पर उन्होंने अपने नेता लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा की जगह ली है। ब्राजील की संसद के निचले सदन में राष्ट्रपति के रूप में अपने पहले भाषण में रोसेफ ने गरीबी हटाने के प्रयासों को उच्च प्राथमिकता में रखने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा, "मेरी सरकार की सबसे बड़ी लड़ाई गरीबी के खिलाफ होगी।" उनके शपथ ग्रहण समारोह में 800 से ज्यादा लोग शामिल हुए जिसमें 20 से ज्यादा देशों के प्रमुख शामिल थे। लूला ने भारी लोकप्रियता के बीच पद छोड़ा है। संवैधानिक बाध्यता के चलते वह अगले कार्यकाल के लिए इस पद पर नहीं रह सकते थे। रोसेफ ने कहा, "सामाजिक बदलाव के चलते राष्ट्रपति लूला को दो बार बहुमत दिया गया लेकिन गरीबी अब भी बरकरार है जो कि देश के लिए शर्मनाक है और देश के लोगों को अपनी जरूरतें पूरी करने में बाधा बनती है।"
45 मिनट के भाषण में रोसेफ वामपंथी गुरिल्ला के रूप में ब्राजील में तानाशाही के खिलाफ अपनी लड़ाई के दिनों को याद करके भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, "मैंने अपना जीवन ब्राजील को समर्पित किया है। मैनें अपना यौवन देश को बेहतर और लोकतांत्रिक बनाने के संघर्ष में बिताया।" उन्होंने कहा, "ब्राजील की जनता द्वारा पसंद किये जाने से मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रही हूं और मैं जानती हूं कि जनता के इस फैसले के ऐतिहासिक अर्थ हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications