राडिया, राजा के रिश्तेदारों और कनिमोझी से जुड़े ठिकानों पर छापे
नई दिल्ली/चेन्नई। 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले की जांच के लिए समन्वित अभियान के तहत केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने कारपोरेट लाबिस्ट नीरा राडिया, पूर्व केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ए. राजा के रिश्तेदारों और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) की सांसद कनिमोझी से जुड़े स्वयंसेवी संगठन के नई दिल्ली और तमिलनाडु स्थित कुल 34 ठिकानों पर छापेमारी की है।देश में अब तक के सबसे बड़े पैमाने हुए इस घोटाले की जांच के लिए सीबीआई ने राडिया और भारतीय दूरसंचार प्राधिकरण (टीआरएआई) के पूर्व प्रमुख प्रदीप बैजल से भी पूछताछ की।
राजा ने इन छापों पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है लेकिन कनिमोझी ने पत्रकारों से कहा कि उन्हें चेन्नई स्थित स्वयंसेवी संगठन तमिल मैहम के कार्यालय पर छापे की कोई जानकारी नहीं है। कनिमोझी इस संगठन के 10 निदेशकों में से एक हैं।समाचार चैनल 'टाइम्स नाउ' के मुताबिक डीएमके प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि की बेटी कनिमोझी ने कहा, "मुझे इन छापों की कोई जानकारी नहीं है। मेरे पास कहने के लिए कुछ नहीं है।"
तमिल टाइगर्स और राजा के करीबी माने जाने वाले श्रीलंकाई तमिल और तमिल मैहम के प्रबंधन न्यासी जेगथ गोसपार राज के घर पर भी छापा पड़ा है। इस स्वयंसेवी संगठन की स्थापना जुलाई 2002 में की गई थी।सरकार द्वारा टेप की गई राडिया की टेलीफोन बातचीत लीक होने पर इस बात का खुलासा हुआ कि राजा को मंत्री बनाने के लिए राडिया उद्योगपतियों और पत्रकारों के साथ लाबिंग कर रही थीं।
सीबीआई की पुलिस उप महानिरीक्षक विनीता ठाकुर ने कहा कि सीबीआई अधिकारी दक्षिण दिल्ली स्थित राडिया के सैनिक फार्म हाउस के अलावा शहर के मध्य में बाराखम्भा रोड पर स्थित उनके कार्यालय में पहुंचे।ठाकुर ने कहा, "छापेमारी आज (बुधवार) सुबह शुरू हुई। यह जब तक जरूरत रहेगी तब तक जारी रहेगी, हम शाम तक जानकारियां देंगे।"उन्होंने कहा दिल्ली में सात और तमिलनाडु में कुल 27 स्थानों पर छापेमारी की गई है।
इसमें टीआरएआई के पूर्व प्रमुख प्रदीप बैजल के नई दिल्ली स्थित मकान और पूर्व दूरसंचार मंत्री ए. राजा के रिश्तेदारों के ठिकाने शामिल हैं।
सीबीआई के अधिकारियों ने प्रवर्तन निदेशालय से मिली सूचनाओं के आधार पर की गई कार्रवाई में बैजल के नोएडा स्थित मकान पर भी छापा मारा। बैजल सेवानिवृत्ति के बाद राडिया की जनसंपर्क कम्पनी के निदेशक बने हैं।द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के नेता राजा ने 2जी स्पेक्ट्रम का आवंटन बाजार दर के कम भाव पर करने के आरोप लगने पर पिछले महीने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।चेन्नई में एक प्रमुख तमिल पत्रिका के एक पत्रकार और गोसपार राज से जुड़े एक चार्टर्ड एकाउंटेंट के कार्यालय पर भी छापेमारी की गई है।












Click it and Unblock the Notifications