जनरल मोटर्स में दिखी पुरानी रंगत, हुआ तगड़ा मुनाफा
कम्पनी ने कहा कि पिछली दो तिमाहियों के मुनाफे के बाद उसे तीसरी तिमाही में भी 1.9 अरब डॉलर से 2.1 अरब डॉलर तक का मुनाफा होने का अनुमान है। लंबे समय से अत्यधिक घाटे में चलने के कारण कुछ समय पहले इस कम्पनी को बचाने के लिए अमेरिका सरकार को आगे आना पड़ा था। नवंबर 10 को कम्पनी का आधिकारिक परिणाम प्रकाशित होगा।
जीएम के उपाध्यक्ष और मुख्य वित्तीय अधिकारी क्रिस लिडेल ने एक बयान में कहा कि कम्पनी में जिस गति से विकास हो रहा है उससे हम बेहद उत्साहित हैं। कम्पनी के दिवालिया होने के बाद मुनाफे में वापसी का यह पहला साल है। जीएम ने पिछली खबरों की पुष्टि करते हुए बताया कि इस महीने के आखिर में 26 से 29 डॉलर प्रति शेयर मूल्य वाले 36.5 करोड़ प्राथमिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) जारी किए जाएंगे। इसके अलावा 50 डॉलर मूल्य वाले 6 करोड़ प्रीफर्ड शेयर जारी किए जाएंगे।
कम्पनी ने बताया कि आईपीओ बुधवार को प्रतिभूति विनिमय आयोग में दर्ज हो चुका है। इस आईपीओ से कम्पनी बाजार से 13 अरब डॉलर से अधिक की राशि जुटाएगी।इस राशि से कम्पनी को अमेरिकी सरकार से हिस्सेदारी वापस खरीदने में मदद मिलेगी। कम्पनी के दीवालिया होने के बाद अमेरिकी सरकार ने कम्पनी को बचाने के लिए इसकी 61 फीसदी हिस्सेदारी खरीद ली थी। उधर कनाडा सरकार के पास कम्पनी की 10 फीसदी हिस्सेदारी है। आईपीओ के बाद कम्पनी में अमेरिकी सरकर की हिस्सेदारी 50 फीसदी के मनोवैज्ञानिक स्तर से कम हो जाएगी।जीएम ने 2004 से हो रहे कुल 88 अरब डॉलर का घाटा होने के बाद जून 2009 में दीवालिया होने से बचाने के लिए आवेदन किया था।













Click it and Unblock the Notifications