पाकिस्तान: स्वात विश्वविद्यालय के कुलपति की हत्या
पुलिस ने बताया, "खबर-पख्तुनख्वा प्रांत के मरदान इलाके के मकाम मंडी में फारूक जैसे ही अपने क्लिनिक से बाहर निकले अज्ञात हमलावरों ने उनके ऊपर अंधाधुंध गोली चलानी शुरू कर दी।" पुलिस ने बताया कि मौके पर ही कुलपति की मौत हो गई। इस घटना में उनका चालक भी मारा गया।
गौरतलब है कि स्वात घाटी में पिछले साल से तालिबान के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैनिक मुहिम चलाई जा रही है। सरकार ने शांति बहाल होने के बाद वहां एक विश्वविद्यालय स्थापित करने की घोषणा की थी। चिकित्सा शिक्षा में स्नातक फारूक को प्रस्तावित विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया था।
फारूक ने मनोविज्ञान में भी डिग्री हासिल की थी और वह एक प्रख्यात इस्लामी विद्वान थे। उन्होंने कई किताबें लिखीं हैं। वह हमेशा कट्टरपंथियों व आतंकवादियों के खिलाफ रहे। प्रांतीय सूचना मंत्री इफ्तिखार हुसैन ने फारूक की हत्या पर शोक जाहिर किया है। उन्होंने कहा, "फारूक की मौत प्रांत की भारी क्षति है। यह एक महान बलिदान है कि उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ते हुए जान गंवाई है।"













Click it and Unblock the Notifications