राष्ट्रमंडल खेल: ताजमहल में नि:शुल्क प्रवेश नहीं
आगरा। राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने पहुंचे एथलीटों और अधिकारियों को भी विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ताजमहल के दीदार के लिए अपनी जेबें ढीली करनी पड़ेंगी। आम लोगों की तरह उन्हें भी प्रवेश टिकट खरीदने होंगे लेकिन परिसर में प्रवेश करने के लिए उन्हें कतारों में लगने की जरूरत नहीं होगी।
आगरा गाइड्स एसोसिएशन के अध्यक्ष शमशुद्दीन ने कहा, "रेलवे कैटरिंग एसोसिएशन ने आगंतुकों के लिए व्यवस्था की है। वे एडवांस में टिकट खरीदकर आगंतुकों को मुहैया कराएंगे। दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) देशों के सदस्य प्रति टिकट 550 रुपये वहन करेंगे जबकि अन्य विदेशी एथलीटों को 750 रुपये देने पडेंगे।"
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने विदेशियों को ताज घुमाने के लिए 30 गाइडों की व्यवस्था की है। ताजमहल का निर्माण मुगल बादशाह शाहजहां ने अपनी पत्नी मुमताज की याद में वर्ष 1653 में कराया था। भारतीय पुरातत्व विभाग (एएसआई) के एक अधिकारी ने बताया, "ताजमहल के पूर्वी प्रवेश द्वारा को सीडब्ल्यूजी के आगंतुकों के लिए आरक्षित कर दिया गया है जबकि सामान्य लोगों के लिए दक्षिणी प्रवेश द्वार खुले रहेंगे।"













Click it and Unblock the Notifications