मुंबई दुर्गा पूजा की तैयारी शुरू
मुंबई, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र की राजधानी और आसपास के इलाकों में रानी मुखर्जी जैसी फिल्मी हस्ती सहित बंगाली समुदाय के लोग लगभग लाखों की संख्या में रहते हैं जो 13 अक्टूबर से दुर्गा पूजा आयोजित करने की तैयारी में जुट गए हैं।
समुदाय के प्रमुख कार्यकर्ता प्रशांत कुंडू का कहना है कि यहां दुर्गा पूजा मंडलों की संख्या में हर साल इजाफा हो रहा है। पिछले वर्ष यह संख्या 86 से 91 हो गई जो देश की व्यावसायिक राजधानी में दुर्गा पूजा की लोकप्रियता और उसके महत्व को दर्शाती है।
उन्होंने बताया कि 91 मंडलों में से छह के संस्थापक, प्रायोजक और संरक्षक बॉलीवुड के चर्चित चेहरे हैं, जिनमें रानी मुखर्जी, उनके चाचा और 1960 के दशक के प्रसिद्ध अभिनेता जॉय मुखर्जी, अभिनेता बिश्वजित, गायक अभिजीत भट्टाचार्य, निर्देशक बासु चटर्जी, अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती और गायक शान शामिल हैं। फिल्म निर्देशक स्व. जगमोहन भी इससे जुड़े रहे हैं।
प्रगति वासी पूर्व (ठाणे) में लगातार दूसरे वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन खास विषय को लेकर होने जा रहा है। इस बार इस मौके पर सात अगस्त को मुंबई बंदरगाह पर दो विदेशी जहाजों के बीच हुई टक्कर की झांकी देखने को मिलेगी।
दुर्गा पूजा मंडल के एक पदाधिकारी एम.एस. बोस ने बताया, "पिछले वर्ष एक खास बंगाली गांव का दृश्य तैयार किया गया था जो काफी लोकप्रिय हुआ। इस बार हमने जहाजों के बीच टक्कर को दर्शाने का निश्चय किया है। इस टक्कर के कारण समुद्र में तेल के बहाव से पारिस्थतिकी आपदा और इससे जुड़ी अन्य क्षति का खतरा उत्पन्न हो गया था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications