विधानसभा के विशेष सत्र में होगी घोटालों पर चर्चा : येदियुरप्पा
बेंगलुरू, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा ने रविवार को कहा कि राज्य विधानसभा का तीन दिवसीय विशेष सत्र नवम्बर के पहले सप्ताह में होगा, जिसमें घोटालों के अलावा सभी मुद्दों पर चर्चा होगी।
उन्होंने कहा कि लगातार हुए इन घोटालों ने पिछले 10 वर्षो में राज्य को हिलाकर रख दिया है।
येदियुरप्पा ने संवाददाताओं से कहा, "मैं विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह कर रहा हूं कि वह नवम्बर के पहले सप्ताह में सदन का तीन दिवसीय विशेष सत्र बुलाएं, ताकि पिछले 10 वर्षो में हुए विभिन्न घोटालों पर विस्तृत चर्चा हो सके।"
उल्लेखनीय है कि राज्य में खनन से लेकर भूमि अधिग्रहण तक में हुए घोटालों एवं प्रशासन में भ्रष्टाचार को लेकर विपक्षी पार्टियां मई 2008 में सत्तरूढ़ होने के समय से ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पहली सरकार पर आरोप लगाती रही है।
येदियुरप्पा ने कहा, "हमने विपक्षी नेताओं से भी कहा है कि वे विकास के मुद्दों एवं राज्यभर में जन कल्याण के लिए शुरू की गईं योजनाओं पर सुझाव दें।"
अपनी सरकार के पिछले दो वर्षो के कार्यकाल के दौरान कथित घोटालों की बात जनता के बीच ले जाने पर विपक्षी कांग्रेस एवं जनता दल (सेक्यूलर) को आड़े हाथ लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुर्भायपूर्ण है कि ऐसे मुद्दों को विधानसभा में उठाने की बजाय हर दूसरे दिन सड़कों पर उठाया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications