भाजपा के नोटिस का माकूल जवाब दिया जाएगा : कांग्रेस
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने यहां कहा कि उनके ध्यान में इस तरह का कोई नोटिस नहीं आया है।
सिंघवी ने कहा, "अभी तक मेरे ध्यान में इस तरह का कोई नोटिस नहीं आया है। यदि इस तरह का नोटिस आता है, तो हम इस तरह की सनसनी का माकूल जवाब देंगे। यह कहना हास्यास्पद है कि कांग्रेस ने भाजपा की वेबसाइट चुरा ली है।"
सिंघवी ने कहा, "अधिकांश लोग यह समझते हैं कि मतदाताओं द्वारा भाजपा को खारिज कर दिए जाने और देश में उसकी लोकप्रियता क्षींण हो जाने के कारण वह इस तरह का खेल खेल रही है।"
भाजपा की प्रवक्ता निर्मला सीतारमन ने रविवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "यह गैरकानूनी और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास है। ऐसा जानबूझ कर किया गया है। हमने कांग्रेस को इस सिलसिले में नोटिस भेजा है।"
पार्टी की ओर से कांग्रेस को इस संबंध में भेजे गए कानूनी नोटिस के मुताबिक, "यह जानबूझकर किया गया प्रयास है, जो हास्यास्पद और गैरकानूनी है। कांग्रेस पार्टी की अनुमति के बगैर इस कृत्य को अंजाम नहीं दिया जा सकता।"
नोटिस में आगे यह जिक्र भी है, "सर्च इंजन गूगल पर जब 'बीजेपी डॉट कॉम' टाइप कर सर्च किया जाता है तो 'भारत जर्नल्स एंड पब्लिशर्स' नामक एक अनजान संस्था का यह दावा सामने आता है कि 'बीजेपी डॉट कॉम' उसका डोमेन है। मजे की बात तो यह है कि गूगल पर जब भारत जर्नल्स एंड पब्लिशर्स टाइप कर सर्च किया जाता है तो सबसे पहले परिणाम के रूप में एआईसीसी की वेबसाइट सामने आती है।"
नोटिस के मुताबिक, "इस बात से साबित हो जाता है कि 'बीजेपी डॉट कॉम' डोमेन पर अपना दावा करने वाली संस्था एआईसीसी से संबंधित है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications