अरुणाचल ने आईफोन 4 में प्रदर्शित नक्शों का विरोध किया
ईटानगर, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। अरुणाचल प्रदेश ने अमेरिकी कम्पनी एप्पल के नए फोन आईफोन 4 में शामिल किए गए अरुणाचल प्रदेश के नक्शे को चीन की सीमा में दिखाए जाने का कड़ा विरोध किया है।
खबरों के मुताबिक कम्पनी के नए स्मार्टफोन में शामिल नक्शों में अरुणाचल प्रदेश को चीन का हिस्सा बताया गया है।
अरुणाचल प्रदेश से कांग्रेस पार्टी के लोकसभा सांसद ताकम संजय ने आईएएनएस से कहा, "यह अरुणाचल प्रदेश को गलत रूप में पेश करने का एक और प्रयास है। हम इसका सख्ती से विरोध करेंगे।"
संजय ने कम्पनी के इस कदम के खिलाफ भारत सरकार के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया है।
संजय ने कहा, "हम चाहते हैं कि एप्पल तत्काल इस गलती को सुधारे और अरुणाचल प्रदेश को भारतीय सीमा में दिखाए।"
यह पहली बार नहीं हुआ है जब अरुणाचल प्रदेश को चीन की सीमा में दिखाया गया है। इससे पहले गूगल ने भी दो साल पहले इस प्रदेश को चीन की सीमा में दिखाया था।
सांसद ने कहा, "जब हमने गूगल के इस कदम को सरकार के सामने प्रस्तुत किया था तब इस साल की शुरूआत में गूगल ने माफी मांगी थी। सवाल माफी का नहीं है हर कोई जानता है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications