राष्ट्रमंडल खेल : दिखने लगे सुविधा और दुविधा के रूप
खेलगांव में ठहरे 71 देशों के 6,000 से अधिक खिलाड़ी अभ्यास से लौटने के बाद यहां बनाई गईं फूलों, आइसक्रीम और स्मारकों की दुकानों पर खरीददारी के लिए पहुंचते हैं। लेकिन दुकानों पर आयोजन समिति का निर्देश 'केवल भारतीय रुपये स्वीकार किए जाएंगे' खिलाड़ियों का उत्साह कम कर देता है। खिलाड़ी भारतीय रुपये के लिए यहां स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में भागते नजर आते हैं।
कमांडो आकर्षण के केंद्र :
खेलों के मुख्य आयोजन स्थल जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में तैनात हथियारों से सुसज्जित कमांडों लोगों के आकर्षण के केंद्र हैं। यहां उद्घाटन समारोह के लिए घंटों पहले आने वाले ज्यादातर दर्शक ड्यूटी पर तैनात कमांडों के साथ तस्वीर लेते देखे गए। यहां आए अमर जैन ने एक कमांडो की तस्वीर लेने के बाद बताया, "कमांडों काफी सुंदर दिखाई दे रहे हैं, ये सुरक्षा को आश्वस्त करने वाले हैं।"
शराब घर से मायूसी :
खेलगांव के अंतर्राष्ट्रीय क्षेत्र में अधिकारियों के लिए शराब की सुविधा बॉर में उपलब्ध कराई गई है। खिलाड़ियों को खेलों के दौरान यह सुविधा नहीं मिलेगी। लेकिन अधिकारी भी इसे बंद करने के समय रात 11 बजे से संतुष्ट नहीं हैं। ग्वार्नसे द्वीप के टेनिस कोच डेरेक वेब ने बताया, "मुझे यह बॉर अच्छा लगा, लेकिन इसे बहुत पहले बंद कर दिया जाता है। हमलोगों को देर रात तक शराब पीने की आदत है।"
समारोह में नहीं के बराबर पहुंचे पत्रकार :
राष्ट्रमंडल खेलों की पत्रकारिता करने में जुटे लोगों के लिए पत्र सूचना कार्यालय ने ताज मानसिंह होटल में कॉकटेल समारोह का आयोजन किया था। इसके लिए उसने 800 आमंत्रण भेजे थे, लेकिन समारोह में मुश्किल से 50 पत्रकार ही जुट सके।
अपने निजी काम से आए पत्रकार को जब पीआईबी के एक वरिष्ठ अधिकारी समारोह के बारे में निर्देश देने लगे तो उन्होंने बताया कि वह समारोह में हिस्सा लेने नहीं आए हैं। उनके जवाब पर पीआईबी अधिकारी को कुछ नहीं सूझा।
खेलगांव का समाचार पत्र रद्द :
राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति ने बिना कारण बताए खेलगांव की गतिविधियों को बताने वाले समाचार पत्र को रद्द करने का निर्णय लिया है। समाचार पत्र को रद्द किए जाने पर जब खेलगांव के मेयर से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें समाचार पत्र के रद्द किए जाने के कारणों की जानकारी नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications