राष्ट्रमंडल खेल : उद्घाटन समारोह में बिखरी रंगों की छंटा (लीड-2)
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली के मध्य स्थित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में रविवार शाम ठीक सात बजे 19वें राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन समारोह की शुरुआत हुई। उद्घाटन समारोह में सांस थाम लेने वाले कार्यक्रम पेश किए गए। इस समारोह को दुनिया भर में लाखों की संख्या में लोगों ने टेलीविजन के माध्यम से देखा।
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल, ब्रिटेन के राजकुमार चार्ल्स, उनकी पत्नी कैमिला व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया।
अतिथियों के आगमन और राष्ट्रगान की धुन के साथ ही रंगारंग कार्यक्रम आरंभ हुए। शुरुआत रिद्म ऑफ इंडिया कार्यक्रम से हुई। 1,000 की संख्या में लोक कलाकारों ने भारतीय ढोल की थाप पर अद्भुत प्रस्तुति दी।
शंखनाद और आतिशबाजी ने जैसे आसमान में पौ फटने की छटा बिखेर दी।
देश के विभिन्न कोनों से विभिन्न भेष-भूषा में आए ढोल कलाकारों ने जैसे ही स्टेडियम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, वहां लगा हीलियम का विशाल गुब्बारा आसमान में ऊपर छा-सा गया और उससे लटकती कठपुतलियों ने ढोल की थाप पर जीवंत नृत्य प्रस्तुत किया।
पुडुचेरी के सात वर्षीय कलाकार केशव ने अपने तबले पर आयोजन में जुगलबंदी प्रस्तुत की। इस बाल कलाकार की प्रतिभा देख स्टेडिम में उमड़ी दर्शकों की 65,000 भीड़ दंग रह गई।
रिदम ऑफ लाइफ के जीवंत होने और रिदम कलाकारों के पूरे जोश में आने के साथ ही स्कूली विद्यार्थी गायक कलाकार हरिहरन के नेतृत्व में स्टेडियम में बने मंच के मध्य आ गए। हरिहरन ने 6,700 खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों के स्वागत में सुस्वागतम गीत प्रस्तुत किया।
गीत सूफी कव्वाली के साथ अपने चरम पर पहुंच गया। इसमें समधर्मी, धर्मनिरपेक्ष भारत का रंग समाहित किया गया था।
गीत में शामिल बच्चों ने जुड़े हुए हाथों के आकार में जुट कर नमस्ते का निशान बनाया। उसके बाद बच्चों ने ऊपर घिरी सफेद चादर के नीचे से चादर पर हाथों में रची मेहंदी की छाप बनाई।
इस पूरे कार्यक्रम के दौरान हीलियम गुब्बारे में लगी लाइटें स्टेडियम में विभिन्न रंगों की छंटा बिखेरती रहीं।
स्वागत समारोह की समाप्ति के साथ ही खिलाड़ियों की परेड शुरू हुई। अपने-अपने देशों के रंग में रंगे 71 देशों के खिलाड़ियों ने मैदान में जोश भरे माहौल में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications