असम में व्यवसायी मुक्त, 4 विद्रोही ढेर
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुठभेड़ धेमाजी जिले के घने जंगल वाले इलाके डेकाटन में हुई। यह इलाका असम के मुख्य शहर गुवाहाटी से लगभग 350 किलोमीटर पूर्व में है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "हमें सूचना मिली कि रुई के व्यापारी नंदी को अगवा कर एनडीएफबी के गुप्त ठिकाने पर बंधक बनाया गया है। पुलिस दल ने छापेमारी की और उसी दौरान मुठभेड़ शुरू हुई।"
उन्होंने बताया कि दो घंटे तक चली मुठभेड़ में एनडीएफबी के चार विद्रोही ढेर हो गए।
अधिकारी ने बताया, "विद्रोहियों को ढेर करने के साथ ही हमने अपहृत व्यवसायी को छुड़ा लिया।"
उन्होंने बताया कि नंदी को एनडीएफबी द्वारा एक सप्ताह पूर्व धेमाजी इलाके से अगवा किया गया था। यह संगठन उसकी रिहाई के बदले उसके परिवार से बड़ी रकम मांग रहा था।
अधिकारी के मुताबक एनडीएफबी के गुप्त ठिकाने से दो एके-56 राइफल, बड़ी मात्रा में युद्ध सामग्री और रेडियो सेट बरामद किए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications