चीन में इमारत ढही, 8 की मौत
शियान (चीन), 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। चीन के पश्चिमोत्तर शांक्शी प्रांत में शनिवार को एक निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत ढह जाने से आठ कामगारों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। यह जानकारी प्रशासन ने रविवार को दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार यह हादसा शियान सिटी के चेंगान में शनिवार सुबह 10.50 पर हुआ। राहत कार्यरे में 300 पुलिस और अग्निशमन कर्मियों तथा चिकित्साकर्मियों की मदद ली गई।
इमारत का निर्माण कार्य करीब-करीब पूरा हो चुका था। सुरक्षा कारणों से करीबी इमारतों को खाली करवा लिया गया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। घायल होने वालों में इमारत का मालिक काओ मिन्चेंग भी है। यह जानकारी शियान प्रशासन के उपमहासचिव मी वेक्शिन ने दी।
हादसे की वजह निर्माण कार्यो में गुणवत्ता की कमी को माना जा रहा है। पुलिस मौके से फरार हो गए दो ठेकेदारों की तलाश कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications