बुद्धिहीन हैं नवाज शरीफ: मुशर्रफ (लीड-1)
लंदन/इस्लामाबाद, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को 'बुद्धिहीन' करार दिया है। उन्होंने कहा कि अकल की कमी होने की वजह से शरीफ बतौर प्रधानमंत्री नाकाम साबित हुए।
मुशर्रफ ने शनिवार को ब्रिटिश शहर बर्मिघम में अपने समर्थकों की एक सभा की। इसी सभा में उन्होंने नवाज शरीफ पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह अपने मुल्क लौटना चाहते हैं। मुशर्रफ ने हाल ही में 'ऑल पाकिस्तान मुस्लिम लीग' (एपीएमएल) का गठन किया है। यह जनसभा इसी पार्टी के बैनर तले आयोजित की गई थी।
पाकिस्तानी समाचार चैनल जियो न्यूज के अनुसार मुशर्रफ ने कहा, "मैंने नवाज शरीफ के साथ एक साल तक काम किया है। इस दौरान मैंने पाया कि वह पूरी तरह से बुद्धिहीन हैं।"
सभा को संबोधित करते हुए मुशर्रफ ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि पाकिस्तान में कब संसदीय चुनाव होंगे लेकिन वह चुनाव के लिए पाकिस्तान जरूर लौटेंगे। पहले मुशर्रफ ने कहा था कि पाकिस्तान लौटने पर उनकी जान को खतरा है। मुशर्रफ ने कहा, "पाकिस्तान लौटने से पहले अब मुझे ऐसा माहौल तैयार करना होगा जिसमें मैं अपने मकसद में कामयाब हो सकूं।"
गौरतलब है कि पाकिस्तान में शरीफ का तख्तापलट करने के बाद मुशर्रफ सत्ता पर काबिज हुए थे। उन्होंने नौ वर्षो तक पाकिस्तान में सत्ता संभालने के बाद वर्ष 2008 में पद छोड़ दिया। इसके बाद से वह निर्वासित जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications