मेट्रो ने जवाहरलाल नेहरु स्डेडियम पहुंचना बनाया आसान
दिल्ली मेट्रो के प्रमुख ई.श्रीधरन ने रविवार को केंद्रीय सचिवालय से सरिता विहार को जाने वाली मेट्रो लाइन का उद्घाटन किया।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के एक अधिकारी ने बताया, "रविवार शाम सात बजे से शुरू हो रहे राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए जो लोग जवाहरलाल नेहरु स्टेडियम जाना चाहते हैं, वे अब केंद्रीय सचिवालय से सरिता विहार को जाने वाली मेट्रो का इस्तेमाल कर सकेंगे।"
राष्ट्रमंडल खेलों का उद्घाटन समारोह शाम सात बजे से शुरू होना है। डीएमआरसी प्रवक्ता के अनुसार 15 किलोमीटर लंबे मेट्रो लाइन का रविवार सुबह आठ बजे उद्घाटन किया गया।
श्रीधरन ने पत्रकारों से बताया, "यह गर्व की बात है कि इस लाइन को तय समय सीमा के भीतर तैयार कर लिया गया। मैं बेहद खुश हूं कि खेल शुरू होने से पहले यह लाइन शुरू हो गई.. अब हवाई अड्डे वाली लाइन बाकी रह गई है, जिसमें अधिकतम काम पूरे कर लिए गए हैं। केवल सुरक्षा जांच करने हैं।"
मेट्रो अधिकारियों के अनुसार इस नई लाइन पर मेट्रो हर दो मिनट और 40 सेकेंड पर मिलेंगी।
अधिकारियों ने बताया, "स्टेडियम मेट्रो स्टेशन से केंद्रीय सचिवालय के लिए यात्रियों को अंतिम गाड़ी रात 11.24 बजे मिलेगी। जबकि स्टेडियम से सरिता विहार के लिए अंतिम मेट्रो 11.27 बजे मिलेगी।"
इस लाइन पर चार अक्टूबर से मेट्रो सेवा सुबह छह बजे से रात 11 बजे उपलब्ध होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications