नयापन और प्रयोग फैशन के मूल मंत्र हैं : रितु
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। विख्यात डिजाइनर रितु कुमार का कहना है कि वह डिजाइनिंग में कुछ नया करने के लिए हमेशा आसान नुस्खे अपनाती हैं। उनका ब्रांड 'लेबल' मिश्चा बार्टन और मेल बी जैसी हॉलीवुड हस्तियों में भी लोकप्रिय है। वह अब अपने फैशन के दायरे में बैग और जूतों को भी शामिल करने वाली हैं।
कुमार ने आईएएनएस को दिए साक्षात्कार में कहा, "मैं समझती हूं कि व्यक्ति फैशन के बदलावों के साथ बड़ा होता है, यह जरूरी नहीं कि आप हमेशा वही पहनें जो पहले से पहनते आए हैं। चीजों को आधुनिक और समकालीन होना चाहिए। कुर्ता अब केवल कुर्ता नहीं रह गया है, उसे आकर्षक बनाने के लिए उसके साथ प्रयोग किए जा सकते हैं।"
उन्होंने बताया कि आज की युवा पीढ़ी को ध्यान में रखते हुए कपड़ों को डिजाइन करने के साथ ही सुरूचिसंपन्न लोगों की पंसद का भी ध्यान रखना पड़ता है।
पारंपरिक भारतीय पोशाकों को 'रितु कुमार' ब्रांड नाम से डिजाइन करने वाली कुमार ने अप्रैल 2002 में अपने नए ब्रांड 'लेबल' की शुरुआत की। यह ब्रांड फैशन के समकालीन दौर को दर्शाता है।
उन्होंने बताया, "मैं कपड़ों की डिजाइनिंग अपने तरीके से करती हूं, लेकिन 'लेबल' के कपड़ों को मेरे बेटे अमरीश की देखरेख में तैयार किया गया है। फिर भी आप पाएंगे कि हमने अपने-अपने काम के तरीकों में संतुलन बनाए रखा है।"
कुमार ने बताया कि इस नए ब्रांड को आज की युवा पीढ़ी काफी पसंद करेगी। ये कपड़े देखने में आकर्षक और उनकी पसंद के अनुरूप हैं। साथ ही इनकी बनावट पर विशेष ध्यान दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि हॉलीवुड हस्तियों बे लिंग, बार्टन और मेल बी को कुमार के इस नए ब्रांड 'लेबल' को पहने हुए देखा गया है। इस पर कुमार का कहना है कि उनकी डिजाइन में किया गया मिश्रण ब्रांड की लोकप्रियता का कारण बना है।
कुमार 31 अक्टूबर तक 'फलखनामा' कार्यक्रम में अपने नए संग्रह को पेश करने वाली हैं। साथ ही उन्होंने अपने फैशन का विस्तार करते हुए अब इसमें रंग-बिरंगे बैग, पर्स और जूतों को भी शामिल कर लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications