नाटो की युद्ध सामग्री चोरी, पाकिस्तानी आतंकियों को बेची गई
इस्लामाबाद के ग्रामीण इलाके तारनोल में चुराई गई नाटो की सामग्री रखने वाले एक गोदाम का खुलासा हुआ है। शनिवार रात को पुलिस ने इस गोदाम पर छापेमारी की इस कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
स्थानीय समाचार पत्र 'द डॉन' के मुताबिक पुलिस सूत्रों ने कहा कि नाटो की इस सामग्री को विभिन्न व्यक्तियों को बेचा गया है जिनमें आतंकी भी शामिल हैं।
शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए चार लोगों से मिली सूचनाओं के आधार पर शनिवार को छापेमारी की गई थी। इन चार लोगों को भी इसी गांव के एक अन्य गोदाम से नाटो की सामग्री जब्त करने के दौरान गिरफ्तार किया गया था।
जब्त किए गए सामान में युद्ध के दौरान उपयोग की जाने वाली चीजें, संचार उपकरण, वायरलेस सेट, उच्च क्षमता के जनरेटर, वाटर बैग, जूते और दस्ताने जैसी चीजें शामिल हैं।
इसके अलावा सैनिकों द्वारा उपयोग किए जाने वाले कई चार पहिया और छह पहिया वाहन और हेलीकॉप्टरों में उपयोग होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार किए गए चार लोगों में से दो सामग्री खरीदने आए थे और दो लोग इस गोदाम के मालिक थे। दोनों खरीददार लांदी कोटल से जनरेटर और अन्य चीजें खरीदने आए थे।
गोदाम मालिकों ने पुलिस को बताया कि ट्रांसपोर्टरों ने नाटो सेनाओं की इस सामग्री को हमारे यहां उतारा था।
उन्होंने कहा, "आम तौर पर ट्रांसपोर्टर आपूर्तिकर्ताओं के सामान को चोरी करके पूरा का पूरा कंटेनर उतार लेते हैं।"
उन्होंने कहा, "जब वे पूरा कंटेनर चोरी कर लेते हैं तो इसे तालिबानी हमला बताकर वाहनों को आग लगा देते हैं।"
अधिकारी ने बताया कि इस्लामाबाद और आस पास के शहरों के गोदामों में बड़ी मात्रा में नाटो सेनाओं से चुराई गई सामग्री रखी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications