आजाद ने किया अत्याधुनिक सचल रक्त वाहन का उद्घाटन
नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य में केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री गुलाम नबी आजाद ने शुक्रवार को राजधानी के डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल में पहले अत्याधुनिक सचल रक्त वाहन का उद्घाटन किया।
इन वाहनों की रूपरेखा नेशनल एड्स कंट्रोल आर्गनाइजेशन (नाको) ने तैयार की है। विशेष रूप से तैयार किए गए 32 अत्याधुनिक बसों को प्रत्येक राज्य के रक्त बैंकों में रखा जाएगा।
इन सचल वाहनों को स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लाया गया है। एक समय में चार स्वैच्छिक रक्तदानकर्ता इस अत्याधुनिक और गुणवत्तापूर्ण प्रणाली के साथ वातानुकूलित वाहन में रक्तदान कर सकते हैं।
यह वाहन एक ऐसी समन्वित सुविधा है, जहां स्वैच्छिक रक्तदानकर्ता एक तरफ से प्रवेश करने के बाद रक्तदान की प्रक्रिया पूरी कर दूसरी तरफ से बाहर निकलेगा। बड़े पैमाने पर रक्तदान शिविरों के संचालन में यह वाहन काफी उपयोगी साबित होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications