नवीनीकृत नेहरू तारामंडल का उद्घाटन
नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। नेहरू स्मारक संग्रहालय और पुस्तकालय की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष डा. कर्ण सिंह ने यहां शुक्रवार को नवीनीकृत नेहरू तारामंडल का उद्घाटन किया।
इस तारामंडल को वर्ष 1984 में जवाहरलाल नेहरू स्मारक निधि के माध्यम से बनाया गया था और बाद में 2005 में इसे नेहरू स्मारक संग्रहालय और पुस्तकालय को सौंप दिया गया। इस अवसर पर केंद्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय में सचिव जवाहर सरकार भी उपस्थत थे।
इस तारामंडल के नवीनीकरण की परियोजना नेहरू स्मारक संग्रहालय और पुस्तकालय (एनएमएमएल) द्वारा शुरू की गई, जिसमें संस्कृति मंत्रालय का सहयोग प्राप्त हुआ, ताकि इसे राष्ट्रमंडल खेलों के लिए समय पर आम लोगों के लिए खोला जा सके। राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद, कोलकाता ने टर्न-की आधार पर इन सुविधाओं का आधुनिकीकरण किया था।
उद्घाटन कार्यक्रम का शीर्षक 'चंद्र : ए स्टेलर लाइफ' था, जिसे नोबेल पुरस्कार विजेता सुब्रहमण्यम चंद्रशेखर के प्रति श्रद्धांजलि के रूप में दिखाया गया। उल्लेखनीय है कि पूरे विश्व में चंद्रशेखर शताब्दी समारोह शुरू होने वाले हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications