कश्मीर मुठभेड़ में 8 आतंकी ढेर (लीड-1)
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार को कुपवाड़ा जिले के माचिल सेक्टर में नियंत्रण रेखा से घुसपैठ की कोशिश को सेना के जवानों ने नाकाम कर दिया।
लेफ्टिनेंट कर्नल जे.एस.ब्रार ने कहा कि जवानों को जैसे ही इस बात की जानकारी मिली की माचिल सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास आतंकवादियों का समूह घुसपैठ की कोशिश कर रहा है, उन्होंने उस इलाके को घेर लिया और उन्हें चुनौती दी। इसके बाद आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। मुठभेड़ में पांच आतंकवादियों की मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
एक अन्य घटना में गंदेरबाल जिले के अखल गांव के एक घर में घुसे आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में तीन आतंकी मारे गए और एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "हमें गुरुवार देर रात अखल गांव के एक घर में आतंकियों के एक समूह के होने की सूचना मिली थी। पुलिस और सेना ने इस घर को घेर लिया और आतंकियों को चेतावनी दी। इसके बाद आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी।"
पुलिस अधिकारी ने कहा, "मुठभेड़ में तीन आतंकी मारे गए और एक कांस्टेबल शहीद हुआ है। मुठभेड़ में एक अन्य पुलिसकर्मी घायल हुआ है उसे इलाज के लिए श्रीनगर लाया गया है।"
अधिकारी ने कहा कि मुठभेड़ अब समाप्त हो गई है और आतंकवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
इस बीच अलगाववादियों द्वारा घाटी में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा के चलते प्रशासन ने कश्मीर घाटी में एक बार फिर कर्फ्यू लगा दिया।
बारामूला और अनंतनाग में शुक्रवार की नमाज के बाद पथराव कर रही भीड़ के साथ हुई झड़प में चार प्रदर्शकारी घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शाम को कर्फ्यू में ढील दी गई जिससे लोग जरूरी सामान खरीद सकें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications