विजय कुमार बने सीआरपीएफ के नए प्रमुख
नई दिल्ली। तमिलनाडु कैडर के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी के. विजय कुमार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। कुमार ने कुख्यात दस्यु वीरप्पन के खात्मे के लिए चलाए गए अभियान का नेतृत्व किया था।
आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि इससे पहले विक्रम श्रीवास्तव यह पद संभाल रहे थे। इस पद पर उनकी नियुक्ति इस वर्ष फरवरी में हुई थी। श्रीवास्तव को अब पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो का प्रमुख बनाया गया है।
विजय कुमार की सीआरपीएफ प्रमुख के तौर पर नियुक्ति को केंद्र सरकार द्वारा नक्सल विरोधी अभियान को तेज करने की दृष्टि से देखा जा रहा है। संभावना है कि कुमार इस मकसद को पूरा करने के लिए सीआरपीएफ के जवानों को प्रशिक्षित करेंगे।
श्रीवास्तव पर दंतेवाड़ा में छह अप्रैल को नक्सलियों द्वारा अचानक किए गए हमले में सीआरपीएफ के 75 जवानों के शहीद होने के बाद से उंगली उठने लगी थी। विजय कुमार इससे पहले जम्मू एवं कश्मीर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिरीक्षक के तौर पर कार्य कर चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications