राष्ट्रपति से मिले चार्ल्स और कैमिला (लीड-1)
नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। ब्रिटेन के राजकुमार चार्ल्स और उनकी पत्नी कैमिला ने शनिवार को भारतीय राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील से मुलाकात की। चार्ल्स और पाटील एक दिन बाद रविवार को 19वें राष्ट्रमंडल खेलों के शुभारंभ की घोषणा करने वाले हैं।
राष्ट्रपति भवन के एक अधिकारी के अनुसार शाही दंपति और पाटील के बीच बातचीत का दौर एक घंटे से अधिक समय तक चला। इसके बाद उन्होंने मुगल गार्डन का अवलोकन भी किया।
अधिकारी ने बताया, "उन्होंने बातचीत की और उसके बाद टहलने के लिए मुगल गार्डन गए।"
राजकुमार चार्ल्स को भारतीय स्वादिष्ट भोजन परोसा गया, जिसमें राष्ट्रपति की व्यंजन विधि से तैयार अनानास का हलवा भी था।
राजकुमार चार्ल्स अपनी पत्नी कैमिला के साथ राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर शनिवार दोपहर दिल्ली पहुंचे।
यह पहला मौका है जब राष्ट्रमंडल खेलों का उद्घाटन दो बड़ी हस्तियां मिलकर करने जा रही हैं।
राजकुमार चार्ल्स की अगवानी करने पहुंचे राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी ने उनका स्वागत किया।
चार्ल्स ने ब्रिटिश उच्चायोग में एक व्यापार संवर्धन समारोह में भी हिस्सा लिया, यहां उन्होंने दिल्ली स्थित उद्योगपतियों से मुलाकात की।
इसके बाद उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली के स्वर्ण जयंती समारोह में भी हिस्सा लिया। इस संस्थान का शिलान्यास भी उनके पिता राजकुमार फिलिप ने किया था।
इस समारोह में चार्ल्स ने दिल्ली आईआईटी के छात्रों और अधिकारियों से मुलाकात की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications