राष्ट्रमंडल खेल : उद्घाटन समारोह कल, सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त (राउंडअप)

सुरक्षा बंदोबस्त का जायजा लेने के लिए शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने आयोजन स्थलों का दौरा किया। राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन स्थलों की सुरक्षा के लिए 29,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा अर्धसैनिक बलों की 195 कम्पनियां भी तैनात रहेंगी। इस तरह तकरीबन एक लाख सुरक्षाकर्मी आयोजन स्थलों की सुरक्षा करेंगे।

आयोजन स्थलों पर दर्शकों को किसी तरह की असुविधा न हो इसके लिए गृह मंत्रालय ने खेलों के मद्देनजर सलाह जारी की है जिसमें दर्शकों के लिए दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उद्घाटन समारोह के चलते सरकार ने रविवार को राजधानी में शॉपिंग मॉल और बाजारों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।

दो घंटे तक चलने वाले उद्घाटन समारोह में राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील और ब्रिटेन के राजकुमार चार्ल्स करीब 65,000 दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में तीन से 14 अक्टूबर तक चलने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत की आधिकारिक घोषणा करेंगे। दुनियाभर के लोग टेलीविजन के जरिए इस समारोह के गवाह बनेंगे। समारोह के दौरान हजारों युवा कलाकारों के द्वारा संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

समारोह में विभिन्न प्रतिभागी अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए रैली निकालेंगे। समारोह की शुरुआत में क्वींस बैटन ढोल-नगाड़ों के साथ अपनी रैली पूरी करते हुए जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम पहुंचेगी।

शुभारंभ समारोह के मेहमानों में न्यूजीलैंड के गवर्नर जनरल सर आनंद सत्यानंद, मोनाको के राजकुमार अल्बर्ट द्वितीय और मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद व नौरू के राष्ट्रपति मरकस स्टीफन मौजूद रहेंगे।

इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष जैक्स रोग और राष्ट्रमंडल खेल संघ प्रमुख माइक फेनेल भी उपस्थित रहेंगे।

समारोह छह हिस्सों में होगा, जिसमें करीब 7,000 स्त्री-पुरुष और बच्चे हिस्सा लेंगे। इसके तहत 'रिद्म ऑफ इंडिया', 'स्वागतम', 'ट्री ऑफ नॉलेज', 'योगा', 'ग्रेट इंडियन जर्नी' खण्ड होंगे और अंतिम हिस्से में ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान राष्ट्रमंडल खेल गीत 'जियो उठो बढ़ो जीतो' प्रस्तुत करेंगे।

आयोजन स्थलों की सुरक्षा के बारे में दिल्ली पुलिस के प्रमुख वाई.एस. डडवाल ने शनिवार को कहा कि राजधानी में राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन स्थलों के चारों तरफ बहुस्तरीय और बहुआयामी सुरक्षा बन्दोबस्त के तहत तकरीबन 29,000 पुलिकर्मी तैनात किए जाएंगे।

डडवाल ने कहा कि आयोजन स्थलों के सुरक्षा इंतजाम कड़े रखने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा बल (एनएसजी) के अलावा अर्धसैनिक बलों की 195 कम्पनियां तैनात की जाएंगी।

डडवाल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "हमारे पास 'स्पेशल विपंस एंड टेक्टिक्स' (एसडब्ल्यूएटी) की टीम है, जो विशेष हथियारों से हमेशा लैस रहती है और किसी भी हालात से निपटने को तैयार रहती है।"

उन्होंने कहा, "आयोजन स्थलों के भीतर और बाहर करीब 3,000 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।"

दिल्ली सरकार ने सड़कों पर जाम न लगे इसके लिए शहर में किराने व शराब की दुकानों सहित मॉल और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को बंद रखने का आदेश दिया है।

राष्ट्रमंडल खेलों में 71 देशों के 7,000 एथलीट और अधिकारियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। भारत में वर्ष 1982 में हुए एशियाई खेलों के बाद इतना बड़ा आयोजन हो रहा है।

गृह मंत्रालय ने राष्ट्रमंडल खेलों के मद्देनजर दर्शकों के लिए शनिवार को सलाह जारी की। आयोजन स्थलों पर दर्शकों को किसी तरह की असुविधा न हो इसके लिए निम्नलिखित सुझाव दिए गए हैं।

1- दर्शक आयोजन स्थल पर समय से पहुंचे और खेल शुरू होने से पहले अपना स्थान ग्रहण कर लें।

2- स्टेडियम में अंदर जाने के लिए कतार में खड़े हों।

3- खेल शुरू होने के समय प्रवेश द्वारों पर भीड़ हो सकती है, इससे बचें।

4- आयोजन स्थल के समीप टिकट एवं एक्रेडीटेशन कार्ड अपने पास रखें।

5-टिकट और एक्रेडीटेशन कार्ड की जांच फ्लैप बैरियर और रेडियो फ्रिक्वेंशी द्वारा की जाएगी। जांच में इसके अवैध पाए जाने पर व्यक्ति को स्टेडियम में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

6- स्टेडियम में प्रवेश करने वाले सभी दर्शकों को सुरक्षा जांच से गुजरना होगा।

7-यदि जांच में सुरक्षा तकनीक असफल हो जाती है तो ऐसे समय में व्यक्ति की जांच व्यक्तिगत रूप से की जाएगी।

8- खेलों के उद्घाटन एवं समापन समारोह में अपने टिकट पर दिए हुए ब्लॉक, कतार और संख्या के अनुसार बैठें। अन्य खेलों के लिए भी टिकट पर दिए गए निर्देशों का पालन करें।

9- बिना पार्किं ग लेबल वाले वाहनों को आयोजन स्थल के समीप जाने की अनुमति नहीं होगी, इसलिए वाहनों को खड़ा करने के निर्धारित स्थानों के बारे में पहले से जानकारी प्राप्त कर लें।

9- बिना पार्किं ग वाले वाहन पार्क में अथवा पार्क एडं वॉक योजना के तहत खड़े किए जा सकते हैं।

10- दर्शक आयोजन स्थल जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें।

11- आयोजन स्थल पर प्रतिबंधित सामग्रियों को न ले जाएं।

इन खेलों में देश के 349 पुरुष और 240 महिला खिलाड़ियों सहित कुल 619 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। देश के खिलाड़ी सभी 17 खेलों में हिस्सा लेंगे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+