दिल्ली मेट्रो ने बढ़ाई महिलाओं की सुविधा
मधुलिका सोनकर
नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्लीवासियों को मेट्रो सेवा का सौगात देने के बाद सरकार ने शनिवार को महिलाओं के लिए एक अलग कोच देकर उनकी खुशियों में और इजाफा कर दिया। यात्रा में भीड़-भाड़ से परेशान होने वाली महिलाओं ने इस सुविधा से काफी राहत महसूस की।
महात्मा गांधी की 141वीं वर्षगांठ पर शुरू की गई इस सुविधा को पाकर महिला यात्री काफी खुश दिखीं। मेट्रो में रोजाना यात्रा करने वालीं रितिका माहेश्वरी ने आईएएनएस को बताया, "अपने लिए अलग कोच पाकर मैं काफी प्रसन्नता का अनुभव कर रही हूं। पहले मेट्रो सब्जी बाजार की तरह दिखती थी। स्टेशन पर पीछे खड़ा आदमी एक धक्के में कोच के अंदर पहुंचा देता था।"
महिलाओं के लिए आरक्षित इस कोच में 43 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। इस कोच में 12 वर्ष तक के लड़के और शारीरिक रूप से विकलांग व्यक्ति भी यात्रा कर सकेंगे।
स्टेशनों पर मेट्रो के पहुंचते ही महिला यात्री इस कोच में चढ़ने के लिए बेताब नजर आईं, वहीं चढ़ने की कोशिश कर रहे पुरुषों को महिलाओं ने अगले कोच में जाने का इशारा किया।
कश्मीरी गेट और राजीव चौक पर इस कोच में भारी भीड़ देखी गई। कई स्टेशनों पर पुलिस अधिकारियों ने आरक्षित कोच में यात्रा कर रहे पुरुष यात्रियों को बाहर निकाला।
यात्री सुकीर्ति शर्मा ने बताया कि व्यस्त समय में मेट्रो में यात्रा करना काफी दुखद था। लोग एक दूसरे पर गिरते हुए चलते थे लेकिन इस सुविधा ने महिलाओं को राहत पहुंचाई है।
गुड़गांव में काम करने वाले जितिन कालरा ने बताया, "आप पुरुष यात्रियों को असुविधा देकर महिलाओं को राहत नहीं पहुंचा सकते। हम भीड़-भाड़ वाली ट्रेनों में भारी सामानों के साथ यात्रा करते हैं। केवल महिलाओं के लिए कोच को आरक्षित करना अच्छी बात नहीं है।"
कालरा के अलावा कुछ ऐसे यात्री और भी थे, जिन्होंने अपनी असुविधा को लेकर शिकायत की। एक महिला ने बताया कि उनके पति को दूसरे कोच में भेज दिया गया। उन्हें नई दिल्ली से दूसरी ट्रेन पकड़नी थी, जबकि उनके साथ सामान भी था।
दिल्ली सरकार ने एक सर्वेक्षण के बाद दिल्ली मेट्रो को महिलाओं के लिए कोच आरक्षित करने का प्रस्ताव भेजा था। सर्वेक्षण में यह बात सामने आई थी कि 50 प्रतिशत महिलाएं दिल्ली में सार्वजनिक वाहन में सफर के दौरान असुरक्षित महसूस करती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications