निशंक ने रामपुर तिराहा कांड के शहीदों को याद किया
मुजफ्फरनगर, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने शनिवार को चर्चित रामपुर तिराहा कांड की 16वीं बरसी पर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और कहा कि दो अक्टूबर को महात्मा गांधी एवं लालबहादुर शास्त्री के जन्मदिवस के साथ इन शहीदों का कुर्बानी दिवस भी मनाया जाए।
उल्लेखनीय है कि दो अक्टूबर 1994 को उत्तराखण्ड आंदोलन के कार्यकर्ताओं को रामपुर तिराहा पर रोका गया था और बाद में पुलिस की कार्रवाई में कई आंदोलनकारी मारे गए थे। मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित कर संग्रहालय का निरीक्षण किया।
निशंक ने कहा कि राज्य में पिछले 10 वर्षो के दौरान काफी प्रगति हुई है। राज्य की विकास दर 2.9 से बढ़कर 9.31 हो गई है, इस हिसाब से उत्तराखण्ड देश का तीसरा विकासशील राज्य बन गया है। यह राज्य लोगों को रोजगार प्रदान करने में सबसे आगे है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य के निर्माण के 10 वर्षो में यह एक आदर्श राज्य बनता जा रहा है। 'विजन 2020' के तहत इसे मॉडल राज्य बनाया जाएगा। गंगा नदी को विश्व धरोहर की पहचान दिलाने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। राज्य में प्रति व्यक्ति वार्षिक आय 14 हजार से बढ़कर 42 हजार हो गई है और रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पिछले दिनों भारी बारिश और भूस्खलन से 2100 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल 500 करोड़ रुपये की सहायता केंद्र सरकार से मिली है।
आयोजन में बड़ी संख्या में उत्तराखण्ड आंदोलन से जुड़े लोग उपस्थित थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications