प्रवासी भारतीय देश के आर्थिक संबंध मजबूत कर सकते हैं : व्यालार रवि
लक्ष्मी कृष्णकुमार
डरबन, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री व्यालार रवि ने कहा कि अफ्रीका में रह रहे भारतीय मूल के लोग भारत के अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक संबंधों को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
दक्षिण अफ्रीका के क्वाझुलू-नैताल प्रांत में शुक्रवार को प्रवासी भारतीय दिवस-अफ्रीका सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए रवि ने कहा, "अफ्रीका में रह रहे भारतीय मूल के लोग अपनी मातृभूमि से काफी जुड़ाव रखते हैं। मौजूदा आर्थिक परिदृश्य में आप भारत को आर्थिक अवसरों के केंद्र के रूप में देख सकते हैं।"
रवि ने गांधी जयंती के अवसर पर क्वाझुलू-नैताल प्रांत के प्रमुख जवेली मखिझे के साथ इस सम्मेलन का उद्घाटन किया।
इस साल दक्षिण अफ्रीका में पहली बार भारतीय गन्ना खेत मजदूरों के पहुंचने के 150 साल पूरे हुए हैं। बाद में इन मजदूरों ने यहां कई उद्योग स्थापित किए।
रवि ने कहा, "भारत और भारतीय मूल के लोगों को व्यापार, शिक्षा, सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों के जरिए एक-दूसरे से जुड़ने की जरूरत है।"
रवि ने कहा कि यह दक्षिण अफ्रीका है जहां आकर गांधी जी मोहनदास से महात्मा बने। गांधी जी 1893 में डरबन आए और यहां उन्होंने नस्लीय भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाया।
अफ्रीकी महाद्वीप में भारतीय मूल के करीब 30 लाख लोग रह रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका में 15 लाख लोग भारतीय मूल के हैं।
प्रवासी भारतीय दिवस कार्यक्रम में अफ्रीका भर से करीब 500 मेहमानों ने हिस्सा लिया। इस समारोह का आयोजन प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्रालय, क्वाझुलू-नैताल की प्रांतीय सरकार और भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications