राष्ट्रमंडल खेल : अभी भी बेचे जाने हैं उद्घाटन समारोह के टिकट
एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि टिकटों की कीमत क्रमश: 50,000 रुपये, 25,000 रुपये, 5,000 रुपये और 1,000 रुपये रखी गई हैं।
अयोजन समिति के एक अधिकारी ने बताया, "हमने 1,000 और 5,000 रुपये के सभी टिकट बेच लिए हैं। लेकिन 25,000 एवं 50,000 रुपये के टिकट अब भी बचे हुए हैं।"
उन्होंने बताया कि जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में तीन अक्टूबर को होने वाले दो घंटे के उद्घाटन समारोह में भारत की सांस्कृतिक विरासत को उजागर किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह सम्मोहित करने वाला आयोजन होगा, जिसमें कुल 7,000 पुरुष, महिलाएं एवं बच्चे कार्यक्रम प्रस्तुत कर देश के 5,000 वर्षो की सांस्कृतिक विरासत को समेटने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम को छह भागों में बांटा गया है- भारत की लय, स्वागतम, ज्ञान वृक्ष, योग, महान भारतीय यात्रा और ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान द्वारा राष्ट्रमंडल खेलों के लिए तैयार किया गया थीम सांग 'जियो उठो, बढ़ो जीतो।'
कार्यक्रम में नृत्य, ड्रमों की धुन, संगीत, योग एवं कपड़ों की बनी प्रतिकृतियां, दृश्य, ध्वनियां तथा भारत के विविध रंग प्रदर्शित किए जाएंगे।
समारोह में अतिथि के रूप में न्यूजीलैंड के गवर्नर जनरल सर आनंद सत्यानंद, मोनक्को के राजकुमार अलबर्ट-द्वितीय, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद नाशीद और नौरू के राष्ट्रपति मारकस स्टीफन शामिल होंगे। इनके अलावा अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष जैकेस रॉग भी मौजूद रहेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications