शेयर बाजारों में पांचवें सप्ताह भी तेजी, सेंसेक्स 21,000 की ओर (साप्ताहिक समीक्षा)
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स इस सप्ताह करीब 400 अंक (2 प्रतिशत) बढ़कर 20,445.04 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में यह लगातार पांचवे सप्ताह तेजी दर्ज की गई।
शुक्रवार को सेंसेक्स 375.92 अंक (1.87 प्रतिशत) बढ़कर 20,445.04 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स का यह स्तर 14 जनवरी 2008 के बाद का उच्चतम स्तर है। पिछले एक महीने में सेंसेक्स 12 प्रतिशत बढ़ा है। पिछले पांच महीनों में यह सेंसेक्स की सबसे बड़ी तेजी है।
विदेशी निवेशकों ने शुक्रवार को 1,825 करोड़ रुपये का निवेश किया। सितम्बर महीने में विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजारों में कुल 23,600 करोड़ रुपये का निवेश किया।
अक्टूबर के पहले दिन बीएसई के सभी 13 क्षेत्रीय सूचकांकों में तेजी का रुख रहा और यह कारोबार के अंत में बढ़त के साथ बंद हुए। रियल्टी, धातु, टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र के शेयरों में जोरदार खरीदारी दर्ज की गई।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाले सूचकांक निफ्टी में भी इस सप्ताह करीब दो प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। शुक्रवार को निफ्टी 1.88 प्रतिशत बढ़कर 6,143.4 अंक पर बंद हुआ।
बीएसई मिडकैप सूचकांक 1.6 प्रतिशत और स्मॉलकैप सूचकांक 1.54 प्रतिशत बढ़कर बंद हुआ। शुक्रवार को बीएसई के 1,993 शेयर बढ़कर और 984 शेयर गिरकर बंद हुए वहीं 122 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
सेंसेक्स में शामिल स्टरलाइट इंडस्ट्रीज (5.13 प्रतिशत), बीएचईएल (4.29 प्रतिशत), टीसीएस (4.08 प्रतिशत), हिंडाल्को इंडस्ट्रीड (3.81 प्रतिशत) और जिंदल स्टील (3.42 प्रतिशत) सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वाले शेयर रहे। महिन्द्रा एण्ड महिन्द्रा, मारुति सुजुकी, विप्रो, डीएलएफ, जयप्रकाश एसोसिएट्स, एल एण्ड टी, टाटा पावर, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस और आरआईएल में भी दो-दो प्रतिशत से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई।
सेंसेक्स में शामिल केवल हीरो होंडा (-0.43 प्रतिशत) और भारती एयरटेल (-0.20 प्रतिशत) में गिरावट दर्ज की गई।
वैश्विक बाजारों में इस सप्ताह मिला-जुला रुख रहा। डाउजोंस औद्योगिक सूचकांक इस सप्ताह 0.39 प्रतिशत बढ़कर 10,829.70 अंक पर बंद हुआ और एस एण्ड पी 500 सूचकांक 0.44 प्रतिशत बढ़कर 1,146.24 अंक पर बंद हुआ।
एफटीएसई 100 इस सप्ताह 0.80 प्रतिशत बढ़कर 5,592.90 अंक बढ़कर बंद हुआ। जर्मनी का डीएएक्स 0.28 प्रतिशत गिरकर 6,211.34 अंक और फ्रांस का सीएसी 40 0.62 प्रतिशत गिरकर 3,692 अंक पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 0.37 प्रतिशत बढ़कर 9,404.23 अंक पर और चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक 1.72 प्रतिशत बढ़कर 2,655.66 अंक पर बंद हुआ। वहीं हांग कांग का हेंग सेंग 0.09 प्रतिशत गिरकर 22,358 अंक पर बंद हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications