भारत में रोड शो करेगा टोरंटो स्टॉक एक्सचेंज
टोरंटो, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। टोरंटो स्टॉक एक्सचेंज (टीएसएक्स) वैश्विक खनन क्षेत्र में कनाडा की प्रमुख स्थिति के प्रदर्शन के लिए नवम्बर में भारत में रोड शो आयोजित करेगा।
टीएसएक्स दुनिया का सबसे बड़ा खनन एवं ऊर्जा बाजार है। इस एक्सचेंज में दुनिया की सबसे ज्यादा कम्पनियां सूचीबद्ध हैं।
कनाडा-भारत खनन एवं धातु फोरम 2010 में शामिल होने के लिए यहां आए भारतीय शिष्टमंडल से विचार-विमर्श के बाद स्टॉक एक्सचेंज ने इस रोड शो की योजना बनाई थी।
भारत के खनन सचिव सुब्रह्मण्यम विजय कुमार ने आईएएनएस से कहा, "टीसीएक्स अपनी तरह का एकमात्र संस्थान है। हम इसे अपने साथ जोड़ना चाहते हैं। वह नवम्बर में भारत में रोड शो आयोजित करेंगे। इस शो में सभी खनन और खनन से संबंधित कम्पनियों के लोग विचारों का आदान-प्रदान कर सकेंगे।"
उन्होंने कहा कि यह रोड शो देश के प्रमुख शहरों में आयोजित होगा। इसकी विस्तृत तैयारी अभी से की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications