नैटो के तेल टैंकरों को जलाया

सिंध प्रांत में हुआ यह हमला नैटो के सीमा पार से हुए उस हमले के एक दिन बाद हुआ है, जिसमें तीन पाकिस्तानी सैनिक मारे गए थे. इस हमले के बाद से पाकिस्तान ने नैटो की फ़ौजों के लिए अफ़ग़ानिस्तान में ईंधन की आपू्र्ति रोक दी है. पिछले कुछ सालों में चरमपंथियों ने पाकिस्तान में नैटो के सैकड़ों ईंधन टैंकरों को नष्ट किया है.
दक्षिणी शहर शिकारपुर में शुक्रवार की सुबह हुए हमलों की ज़िम्मेदारी अभी तक किसी ने नहीं ली है. शिकारपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अब्दुल हमीद खोसा ने बीबीसी को बताया कि तेल से भरे टैंकर कराची से आ रहे थे और उन्हें बलूचिस्तान के रास्ते अफग़ानिस्तान जाना था. उन्होंने बताया कि तेल टैंकर एक पेट्रोल स्टोशन पर खड़े थे जहाँ 10 से 15 के क़रीब हमलावरों ने उन पर गोलीबारी कर शुरु कर दी.
पुलिस अधिकारी के अनुसार गोलीबारी के बाद ड्राइवर भाग गए और फिर हमलावरों ने टैंकरों को आग के हवाले कर दिया. इसके बाद हमलावर फरार होने में सफल हो गए. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की ख़बरें हैं. शिकारपुर में इस तरह की घटना पहली बार हुई है. इससे पहले जो घटनाएँ हुई हैं वे बलूचिस्तान, पेशावर और ख़ैबर क्षेत्र में हुई हैं.
गुरुवार को पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा था कि उन्होंने अफ़ग़ानिस्तान के लिए नैटो की आपूर्ति के मार्ग को फ़िलहाल रोक दिया है क्योंकि उन्हें आशंका है कि नैटो के हमले में पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने का तालिबान प्रतिरोध करेंगे. इस समय सौ से अधिक वाहन सीमा पर अफ़ग़ानिस्तान जाने के लिए इंतज़ार कर रहे हैं.












Click it and Unblock the Notifications