फैसले के दिन भी रामलला के दर्शन कर सकेंगे श्रद्धालु
फैजाबाद के जिला मजिस्ट्रेट एम.पी. अग्रवाल ने बुधवार को कहा, "वहां रामलला के दर्शन पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा।"
अग्रवाल ने फैजाबाद से आईएएनएस से फोन पर कहा, "किसी भी अन्य दिन की तरह फैसले के दिन भी श्रद्धालु दर्शन के लिए आ सकते हैं। यहां सब कुछ सामान्य है।" फैजाबाद लखनऊ से करीब 150 किलोमीटर दूर स्थित है।
अधिकारियों के मुताबिक इलाहबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ गुरुवार दोपहर 3.30 बजे इस विवादास्पद मामले में अपना फैसला सुनाएगी। इसे ध्यान में रखते हुए अयोध्या और फैजाबाद में सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 20,000 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
अर्धसैनिक बल और प्रांतीय सैन्य बल के जवानों की निगरानी कड़ी कर दी गई है और अयोध्या में प्रवेश के सभी स्थानों पर सुरक्षा जांच भी बढ़ा दी गई है।
अग्रवाल ने कहा, "स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है। इसे देखते हुए हमने स्कूलों, कॉलेज या अन्य शिक्षण संस्थानों को बंद करने का कोई आदेश नहीं दिया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications