कश्मीर समस्या पर डरी हुई है संप्रग सरकार : आडवाणी
नई दिल्ली। प्रमुख विपक्षी दल भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने मंगलवार को कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंध (संप्रग) सरकार कश्मीर मुद्दे से पूरी तरह अनभिज्ञ और डरी हुई है। आडवाणी ने कहा कि सरकार घाटी में अलगाववादियों को संतुष्ट करने के लिए घुटने टेक रही है।
भाजपा के मीडिया प्रभारियों और प्रवक्ताओं के दो दिवसीय कार्यशाला के समापन सत्र में आडवाणी ने कश्मीर के हालात के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। आडवाणी ने कहा कि जहां एक ओर देश की स्थिति कई मामलों में चिंता का विषय बनी हुई है, वहीं जम्मू एवं कश्मीर की स्थिति बेहद नाजुक है।
आडवाणी ने कहा, "जम्मू एवं कश्मीर में सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। वहां व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। लेकिन कश्मीर संकट के लिए सिर्फ वहां की सरकार जिम्मेदार नहीं है। नई दिल्ली की संप्रग सरकार भी पूरी तरह दिशाहीन और कमजोर है।"
आडवाणी ने कहा, "जैसे-जैसे दिन बीत रहा है, हमारी उस चिंता को बल मिल रहा है कि संप्रग सरकार पाकिस्तान समर्थित अलगाववादियों के आगे घुटने टेकने वाली है।"












Click it and Unblock the Notifications