पाकिस्तान में आत्मघाती विस्फोट, 9 छात्रों सहित 18 मरे (लीड-2)
अवैस सलीम
इस्लामाबाद, 6 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खबर-पख्तूनख्वा सूबे के लक्की मारवात कस्बे में सोमवार सुबह एक थाने को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती विस्फोट में नौ छात्रों सहित कम से कम 18 लोग मारे गए और 40 से ज्यादा घायल हो गए।
पाकिस्तान में पिछले एक सप्ताह के दौरान कई शहरों में हुए आत्मघाती हमलों और अन्य तरह के आतंकवादी हमलों में लगभग 130 लोग मारे जा चुके हैं। उधर, देश में आई भयंकर बाढ़ के कारण 1,600 से अधिक लोगों की मौतें हो चुकी है।
एक आत्मघाती हमलावर ने सोमवार सुबह विस्फोटकों से लदे वाहन को थाने की पिछली दीवार के पास ले जाकर उसमें विस्फोट कर दिया जिसमें नौ पुलिसकर्मी मारे गए। हादसे के समय पुलिस थाने में 45 से अधिक पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
यह थाना खबर-पख्तूनख्वा सूबे के एक व्यस्त बाजार में स्थित है। खबर पख्तूनख्वा को पहले पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के नाम से जाना जाता था।
इस आत्मघाती हमले में नौ छात्रों की मौत हुई जो स्कूल जा रहे थे। मरने वालों में पांच लड़के और चार लड़कियां शामिल हैं। स्कूल और एक सरकारी इमारत को भी नुकसान पहुंचा है।
एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक मलबे के हटाए जाने के बाद ही नुकसान के बारे में कुछ कहा जा सकेगा। इस हमले में लगभग 20 अधिकारी भी जख्मी हुए हैं।
विस्फोट के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पाकिस्तान में पिछले सप्ताह लाहौर और क्वेटा में शिया समुदाय के जुलूस को निशाना बनाकर किए गए हमलों में 110 से अधिक लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications