हम सरकार को घेरने में कामयाब रहे : सुषमा स्वराज
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज ने कहा है कि बीते मानसून सत्र में पूरा विपक्ष एकजुट दिखा जबकि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार पूरे सत्र में अलग-थलग नजर आई। सुषमा ने बुधवार को नई दिल्ली में कहा, "हम कई मुद्दों पर सरकार को घेरने में कामयाब रहे। महत्वपूर्ण बात यह है कि चाहे महंगाई का मुद्दा हो या फिर भोपाल गैस त्रासदी का मामला, हर बार सरकार अलग-थलग पड़ गई। पूरे सत्र में प्रतिपक्ष एकजुट रहा।"
उन्होंने कहा, "कुछ मुद्दे जरूर रहे जहां हमारी राय अन्य विपक्षी दलों से अलग रही। परमाणु दायित्क विधेयक पर हमारी कुछ आपत्तियां थीं जिन्हें सुधार लिया गया। इसके बाद हमने इस विधेयक का समर्थन किया और यह पारित हो गया। जम्मू एवं कश्मीर के मसले पर हमारी राय अलग रही।"
सुषमा ने कहा कि संप्रग सरकार 'फ्लोर मैनेजमेंट' में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस सत्र में सरकार ने महंगाई के मुद्दे पर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास किया। उल्लेखनीय है कि संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही मंगलवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। मानसून सत्र की शुरुआत 26 जुलाई को हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications