टीचर की पिटाई से बच्ची की रीढ़ की हड्डी टूटी

छात्रा का कसूर सिर्फ इतना ही था कि वह कक्षा में शोर मचा रहे बच्चों में शामिल थी। प्रधानाध्यापक छात्रा को चोट पहुंचाने के आरोप को गलत बता रहे हैं। शिक्षा अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
मुजफ्फरनगर शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत मुहल्ला लद्दावाला में जवाहर प्राइमरी स्कूल बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित है। इस विद्यालय में कक्षा दो में पढ़ने वाली मनतसा के परिजनों का आरोप है कि कक्षा में कुछ बच्चे शोर मचा रहे थे। प्रधानाध्याक ने उनके शांत नहीं रहने पर गुस्सा होकर बच्चों को पीटना शुरू कर दिया।
प्रधानाध्यापक ने गुस्से में मनतसा को दोनों हाथों से उठाया और जमीन पर पटक दिया। इसके बाद बच्ची की हालत बिगड़ गई। घटना की सूचना मिलने पर बच्ची के परिजन उसे अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने छात्रा की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर बताया।
मनतसा के पिता शमीम ने कोतवाली में प्रधानाध्यापक के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। उधर प्रधानाध्यापक का कहना है कि उन्हें झूठा फंसाया जा रहा है। बालिका छह माह से बीमार है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी दिनेश चौहान ने बताया कि मामले की जांच उप बेसिक शिक्षा अधिकारी व नगर शिक्षा अधिकारी को सौंपी गई है। जांच में दोषी पाए गए शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications