बीएसपी नेता शहनवाज राणा ने पुलिस हिरासत से छुड़ाया साथी

उन्होंने पुलिस को भी खरी-खोटी सुनाई। पुलिस विधायक की हरकत को मूक दर्शक की तरह देखती रही। उधर विधायक का कहना है कि उन्होंने पीड़ित युवक को पुलिस की थर्ड डिग्री से मुक्ति दिलाई है।
बिजनौर में मंगलवार को पुलिस दल पर हमला व पथराव हुआ था। इस आरोप में पुलिस ने मतलूब नामक युवक को हिरासत में लिया। मतलूब पर कुछ लोगों के साथ अपने भाई चांदनी उर्फ काजल को छुड़ाने के लिए पुलिस पर पथराव का आरोप था।
सदर से बसपा विधायक शहनवाज बीती रात समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे तथा पुलिस पर मतलूब को छोड़ने का दबाव बनाया। पुलिस ने विधायक को बताया कि आरोपी पुलिस पर हमला करने और सरकारी काम में बाधा डालने में वांछित है। इससे विधायक के समर्थक नाराज हो गए।
उन्होंने पुलिस कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की कर हंगामा मचाना शुरू कर दिया। इसी बीच विधायक ने मतलूब का हाथ पकड़कर उसे खुद कोतवाली गेट से बाहर कर वाहन में बैठा कर अज्ञात स्थान पर भेज दिया।
सत्ताधारी विधायक की इस करतूत से पुलिस विभाग में हड़कंप है। एसपी सिटी अनिल मिश्रा व सीओ सिटी श्रीशचन्द मामले के हर पहलू पर विचार कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक राजकुमार का कहना है कि मामले की जांच हो रही है।
फिलहाल वह कुछ कहने की स्थिति में नहीं हैं। विधायक का कहना है कि पुलिस थर्ड डिग्री देकर मतलूब पर हिंसा कर रही थी। उन्होंने उसे मुक्त कराकर उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया है।












Click it and Unblock the Notifications