दिग्विजय को चिदंबरम के 'भगवा आतंकवाद' पर आपत्ति (लीड-1)
सिंह ने कहा कि देश की परंपरा में भगवा रंग वीरता का प्रतीक है और आतंकवाद को किसी रंग, मजहब या धर्म से नहीं जोड़ा जा सकता।
सिंह ने यहां संवाददाताओं को बताया, "आतंकवाद को किसी रंग, मजहब या धर्म से जोड़ा नहीं जा सकता। यह किसी भी धर्म के कट्टरपंथियों से पैदा होता है, चाहे वे हिंदू हो, या मुस्लिम।"
उन्होंने कहा कि पार्टी महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने इस मुद्दे पर सही रुख लिया था कि इस रंग को आतंकवाद से नहीं जोड़ा जा सकता। सिंह ने यह भी कहा कि उन्हें खुशी है कि गृह मंत्री ने हिंदू कट्टरपंथियों की आतंकी गतिविधियों पर गौर किया है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं की आतंकी घटनाओं में संलिप्तता पर ईमादारी से सामने आना चाहिए।
सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने हिंदू कट्टरवाद की व्याख्या के लिए भगवा शब्द का इस्तेमाल कभी नहीं किया और यह शब्द संभवत: वामपंथी पार्टियों द्वारा उछाला गया है।
इसके पहले बुधवार को ही चिदंबरम ने कहा था कि उन्होंने इस शब्द का इस्तेमाल यह संदेश देने के लिए किया था कि कुछ दक्षिणपंथी धार्मिक संगठन देश में हुई कुछ आतंकवादी घटनाओं में लिप्त थे।
चिदंबरम ने यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था, "मैं इस मुहावरे पर पेटेंट का दावा नहीं कर सकता। यह शब्द पहले भी इस्तेमाल किया जा चुका है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications