राहुल का उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनवाने का आह्वान (राउंडअप)
अमेठी के बहादुरपुर गांव में स्थानीय जनसमूह को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र उत्तर प्रदेश के विकास के लिए खूब सारा पैसा भेज रहा है, लेकिन राज्य सरकार उस पैसे का उपयोग सूबे के विकास में नहीं कर रही है।
कांग्रेस महासचिव ने जनता से कहा कि वे राज्य सरकार से केंद्र द्वारा विकास के लिए भेजे गए धन का हिसाब लें। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे लखनऊ में कांग्रेस की सरकार बनवाएं, तभी राज्य का समुचित विकास होगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र पूरे देश का विकास करवा रहा है। भारत में गरीब और अमीर दो अगल-अलग हिंदुस्तान बसते हैं। हमें दोनों के बीच की खाई को पाटना है।
राहुल अपने इस दौरे में सैम पित्रोदा को भी साथ लेकर आए हैं। पित्रोदा प्रधानमंत्री के जनसूचना संरचना एवं नवाचार मामलों के आर्थिक सलाहकार हैं। राहुल एवं पित्रोदा ने बहादुरपुर गांव में एक कार्यक्रम में संयुक्त रूप से इंटरनेट की ब्रॉडबैंड सेवा का शुभारंभ किया।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस समिति के मुख्य प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि इस दौरान राहुल ने वहां मौजूद लोगों को देश के विकास में सूचना तकनीक सेवाओं के महत्व के बारे में बताया।
राहुल यहां के लोगों से मिलने के बाद जगदीशपुर क्षेत्र के कटनाव गांव गए और वहां को-ऑपरेटिव भवन का उद्घाटन किया तथा स्थानीय किसानों से मुलाकात की।
प्रवक्ता ने बताया कि कांग्रेस महासचिव ने कटनांव गांव में हाल ही में निर्मित तालाब में मछलियां छोड़ीं और तालाब के चारों तरफ पौधे लगाए।
राहुल यहां से जैसे ही निकले, दो महिलाओं ने उन्हें रोककर जान बचाने की गुहार लगाई। प्रवक्ता के अनुसार राहुल ने गाड़ी से बाहर निकलकर दोनों महिलाओं से बात की तो पता चला कि एक का नाम शिवानी और दूसरे का सोनिया है। दोनों सगी बहनें हैं और लखनऊ की रहने वाली हैं। दोनों ने राहुल को बताया कि उनके माता-पिता का देहांत हो गया है। उनकी मां ने संपत्ति उनके नाम कर दी, लेकिन अब उनके रिश्तेदार पुलिस के साथ मिलकर संपत्ति के लिए उनकी हत्या करना चाहते हैं।
फरियाद सुनने के बाद राहुल ने दोनों बहनों से कहा, "तुम्हें कोई नहीं मारेगा..प्रॉमिश..पूरे मामले की पड़ताल करवाकर मैं हरसंभव मदद करूंगा।"
राहुल यहां से पीपर गांव गए और कांग्रेस के एक दिवंगत नेता सूर्य नारायण तिवारी के परिवार से मिले। इसके बाद वह हिथकलां गांव जाकर दिवंगत 18 वर्षीय युवक सद्दाम की मां से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की। सद्दाम की पिछले दिनों सांप के काटने से मौत हो गई थी।
देर शाम राहुल ने मुंशीगंज स्थित इंदिरा गांधी नेत्र चिकित्सालय का जायजा लिया।
प्रवक्ता ने बताया कि बुधवार की रात राहुल का मुंशीगंज अतिथि गृह में विश्राम करने का कार्यक्रम है।
प्रवक्ता के मुताबिक दौरे के दौरान राहुल अपने संसदीय क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का औचक भ्रमण कर केंद्र सरकार की विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लेंगे। इसके अलावा वह पार्टी कार्यकर्ताओं और युवक कांग्रेस के नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ बैठक कर शाम को रोजा इफ्तार पार्टी में हिस्सा लेंगे।
इंडो-एशियन नयूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications