आगरा के किसानों ने लहू से लिखा आवेदन
किसानों की योजना इस आवेदन को पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को देने की है, ताकि वे इसे राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील एवं उत्तर प्रदेश के राज्यपाल बी.एल. जोशी के पास भेज दें।
किसानों ने आगरा जिले के एतमादपुर तहसील के चालेसर गांव में धरना दिया तथा यह आवेदन लिखा।
टाउनशिप के लिए कृषि योग्य भूमि के अधिग्रहण के खिलाफ चलाए जा रहे आंदोलन की संचालन समिति के सदस्य मनोज शर्मा ने आईएएनएस को बताया, "किसानों ने बलपूर्वक अधिग्रहण किए जाने के विरुद्ध अपनी गहरी वेदना एवं नाराजगी का इजहार करने के लिए अपने रक्त का इस्तेमाल किया।"
इस बीच, किसान संघर्ष समिति ने एक्सप्रेस-वे एवं टाउनशिप विकसित करने वाले जेपी कंपनी समूह के सभी उत्पादों का बहिष्कार करने का एलान किया।
नाराज किसानों ने गत मंगलवार को कंपनी समूह की सीमेंट की बोरियों को आग के हवाले कर दिया। समिति ने प्रेस को जारी बयान में कहा, "जो कोई जेपी होटल (डेवलपर द्वारा आगरा में चलाया जा रहा होटल) में ठहरेगा, उसे यहां की बैठकों को संबोधित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।"
उल्लेखनीय है कि एतमादपुर तहसील के किसान मुआवजा राशि 446 रुपये से बढ़ाकर 580 रुपये प्रति वर्ग मीटर किए जाने के प्रदेश सरकार के प्रस्ताव को पहले ही ठुकरा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications