बिहार : पुलिसकर्मियों के मामले में चिदंबरम ने गेंद मुख्यमंत्री के पाले में डाली (लीड-1)
बंधक पुलिसकर्मियों को छोड़े जाने के बदले आठ नक्सलियों की रिहाई की मांग के लिए जो मोहलत दी गई थी उसकी अवधि बुधवार शाम चार बजे समाप्त हो गई। बहराहाल, स्थिति जस की तस बनी हुई है।
बिहार के लखीसराय जिले के पुलिस अधीक्षक और उपाधीक्षक का तबादला कर दिया गया। केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम का कहना है कि इस स्थति से निपटने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जरूरी कदम उठाने चाहिए।
राज्य पुलिस के प्रवक्ता एवं अपर पुलिस महानिदेशक पी़ क़े ठाकुर ने बुधवार को कहा कि बंधक पुलिसकर्मियों को छुड़ाने के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।
उधर, केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इस स्थिति से निपटना है। उन्होंने कहा, "राज्य के मुख्यमंत्री को हालात से निपटना है। नीतीश कुमार को कुछ करना चाहिए। वह उस जमीन के व्यक्ति हैं और उनके पास सभी तथ्य हैं। वह जो निर्णय लेंगे, हम उसमें सहयोग करेंगे। लेकिन उन्होंने हमसे कोई संपर्क नहीं किया है।"
इधर, पुलिस मुख्यालय के एक अन्य अधिकारी के मुताबिक लखीसराय और जमुई जिले की सीमा पर नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। इस अभियान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) तथा विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के जवानों को भी लगाया गया है। पुलिसकर्मियों की रिहाई के लिए चलाए जा रहे अभियान में हेलीकॉप्टर की मदद भी ली जा रही है।
उल्लेखनीय है कि रविवार को लखीसराय के कजरा थाना क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों ने चार पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया था। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के मुंगेर-जमुई-लखीसराय क्षेत्र के स्वयंभू प्रवक्ता अविनाश ने मंगलवार को स्थानीय चैनलों को फोन पर कहा कि रविवार को लखीसराय जिले के कजरा थाना क्षेत्र में उनके लोगों ने पुलिस दल पर हमला कर राज्य के दो पुलिस निरीक्षक (एसआई) और बिहार सैन्य बल (बीएमपी) के दो जवानों को कब्जे में ले लिया है।
नक्सलियों ने बंधक बनाए गए चार पुलिसकर्मियों को छोड़ने के एवज में सरकार के सामने 36 घंटे के अंदर अपने आठ साथियों को छोड़ने की शर्त रखी है।
इस बीच बिहार के लखीसराय जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) और पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) का बुधवार को तबादला कर दिया गया।
राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया कि रंजीत कुमार मिश्रा लखीसराय के नए पुलिस अधीक्षक होंगे जबकि पटना के राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) के पुलिस उपाधीक्षक राजबंश सिंह लखीसराय के नए पुलिस उपाधीक्षक होंगे। मिश्रा इसके पूर्व दरभंगा के पुलिस अधीक्षक (नगर) थे।
नीलमणि ने बताया कि दोनों नए अधिकारियों को बुधवार को ही लखीसराय जाकर पद संभाल लेने का निर्देश दिया गया है। लखीसराय के पुलिस अधीक्षक ए़ क़े सिंह को डुमरांव स्थित बिहार सैन्य बल का कमांडेंट बनाया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications