प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में अस्वस्थता के कारण हिस्सा नहीं ले पाए रोसैया
मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने कहा कि रोसैया (78) को अंतिम क्षण में तिरुपति यात्रा रद्द करनी पड़ी।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डी.नागेंदर ने मुख्यमंत्री के आवास पर उनसे मुलाकात की। बाद में उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि रोसैया ज्वर से पीड़ित हैं, लिहाजा तिरुपति नहीं जा सके।
नागेंदर ने हालांकि कहा कि मामला कोई गंभीर नहीं है और रोसैया गुरुवार को वाई.एस.राजशेखर रेड्डी की पहली पुण्यतिथि पर कुरनूल जिले में उनकी मूर्ति का अनावरण करेंगे।
रोसैया, एनटीपीसी-भेल विद्युत उपकरण संयंत्र और तिरुपति अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे की आधारशिला रखे जाने के लिए आयोजित समारोह में शामिल होने वाले थे।
रोसैया ने मंगलवार को अपनी दिल्ली यात्रा भी रद्द कर दी थी, लेकिन अधिकारियों ने इसके पीछे प्रधानमंत्री की तिरुपति यात्रा का कारण बताया था।
निजाम आयुर्विज्ञान संस्थान (एनआईएमएस) के चिकित्सकों के एक दल ने रोसैया पर स्वाइन फ्लू सहित कई बीमारियों की जांच की है। दल के चिकित्सक के.सुभाकर ने मीडिया को बताया कि जांच रिपोर्ट शाम तक उपलब्ध हो जाएगी।
उन्होंने कहा, "हमने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। वह कल के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे या नहीं, यह जांच रिपोर्ट पर निर्भर करेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications