'भगवा आतंकवाद' शब्द के इस्तेमाल का उद्देश्य पूरा हुआ : चिदंबरम
चिदंबरम ने यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "मैं इस मुहावरे पर पेटेंट का दावा नहीं कर सकता। यह शब्द पहले भी इस्तेमाल किया जा चुका है।"
ज्ञात हो कि हाल में एक आंतरिक सुरक्षा को लेकर हुई बैठक में चिदंबरम ने सुरक्षा और खुफिया अधिकारियों को 'भगवा आतंकवाद' के प्रति सचेत किया था। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संसद में आपत्ति खड़ी की थी।
चिदंबरम ने कहा, "इस मुहावरे के इस्तेमाल के पीछे यह संदेश है कि कुछ बम विस्फोटों के पीछे दक्षिणपंथी कट्टरवादी संगठनों के हाथ होने का संदेह है। ये धार्मिक कट्टरपंथी संगठन हैं। संदेश मुहावरों में नहीं खो जाना चाहिए और शायद इस मुहावरे के इस्तेमाल से देश में संदेश गया है। इसलिए एक तरह से इस मुहावरे के इस्तेमाल का उद्देश्य सध गया है।"
हिंदू चरमपंथी संगठनों का जिक्र करते हुए चिदंबरम ने पिछले सप्ताह की बैठक में कहा था कि देश में युवकों और युवतियों को कट्टर बनाने की कोशिशें बंद नहीं हुई हैं।
चिदंबरम के इस बयान पर भाजपा और शिवसेना ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। इसे लेकर संसद में हंगामा हुआ। विपक्ष ने गृह मंत्री और सत्ताधारी कांग्रेस से इस मुद्दे पर सफाई मांगी थी।
बाद में कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने संवाददाताओं से कहा था, "मुद्दा आतंकवाद का है और आतंकवाद का कोई रंग नहीं होता।"
द्विवेदी की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर चिदंबरम ने कहा, "पार्टी सर्वोपरि है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications