जन्माष्टमी : कृष्ण भक्ति में डूबा मध्य प्रदेश
जन्माष्टमी के मौके पर सुबह से ही देवालयों में भक्तों की भीड़ उमड पड़ी है। श्रीकृष्ण के जयकारे गूंज रहे हैं और धार्मिक अनुष्ठान चल रहे हैं। भोपाल के गुरुबख्श की तलैया इलाके में स्थित श्रीराम मंदिर में विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ शुरू हो गया है। इसी तरह अन्य मंदिरों में आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं। इतना ही नहीं मंदिरों को दूधिया रोशनी से सजाया गया है।
इसी तरह ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, सागर सहित प्रदेश के अन्य शहरों में जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जा रही है। इस मौके पर जगह-जगह मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयेाजन किया गया है। भोपाल के नेहरू नगर में 51 फुट ऊंचाई पर लगी मटकी फोड़ी जाएगी।
धर्माचार्यो के मुताबिक जन्माष्टमी पर एक सितम्बर को सुबह साढे नौ बजे के बाद से रोहणी नक्षत्र और सिद्घयोग लग गया है वहीं शाम सवा पांच बजे अष्टमी की तिथि का समापन होगा और रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
वैष्णव संप्रदाय गुरुवार को भी जन्माष्टमी मनाएगा। इसकी वजह यह है कि रोहिणी नक्षत्र के उदय होने की तिथि गुरुवार है।
प्रदेश के राज्यपाल रामेश्वर ठाकुर व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications