मणिमहेश तीर्थयात्रियों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा मंजूर
प्रदेश सरकार ने बुधवार को इस फैसले की आधिकारिक जानकारी दी। उपायुक्त देवेश कुमार ने आईएएनएस से कहा, "दो कंपनियों शिवा हेली सर्विसिज और विराट हेली सर्विसिज को हेली-टैक्सी सेवाएं संचालित करने की अनुमति दी गई है। ये कंपनियां यात्रा के अंत तक (20 सितंबर) श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर से आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराएंगी।"
हेलीकॉप्टर के जरिए भक्तों को भारमोर कस्बे के आधार शिविर से सरोवर से केवल एक किलोमीटर पहले गौरी कुंड तक ले जाया जाएगा।
उन्होंने कहा, "यदि मौसम साफ रहा तो यह सेवाएं प्रतिदिन संचालित की जाएंगी। इस सेवा के अंतर्गत आने-जाने का किराया 7,500 रुपये प्रति व्यक्ति रहेगा।"
ग्लेशियर के पानी से बने अंडाकार मणिमहेश सरोवर की यात्रा के लिए प्रति वर्ष पांच लाख श्रद्धालु यहां आते हैं। यहां से भगवान शिव का निवास स्थल माने जाने वाले कैलाश पर्वत के भी दर्शन होते हैं।
यहां आने वाले भक्त 6,000 फुट की ऊंचाई पर स्थित हड़सर से पैदल यात्रा शुरू करते हैं। सरोवर तक ऊंचाई 13,500 फुट हो जाती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications