मैच फिक्सिंग विवाद: ली और जानसन से भी सटोरियों ने साधा संपर्क
सिडनी, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। पिछले साल इंग्लैंड दौरे के समय शेन वाटसन और ब्रैड हेडिन से संपर्क साधने वाले भारतीय सट्टेबाजों ने आस्ट्रेलियाई टीम के दो तेज गेंदबाजों ब्रेट ली औ मिशेल जानसन से भी फिक्सिंग के सिलसिले में मुलाकात थी। इसके तत्काल बाद ही इन दोनों ने टीम प्रबंधन को इस बारे में अवगत करा दिया था।
स्थानीय समाचार पत्र 'सिडनी मॉर्निग हेराल्ड' के अनुसार वाटसन और हेडिन के अलावा ली एवं जानसन से भी मुंबई के रहने वाले सटोरियों ने लंदन में उस समय संपर्क किया था जब आस्ट्रेलियाई टीम इंग्लैंड के दौरे पर थी। दोनों खिलाड़ियों ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी थी। ऐसे में फिक्सिंग की किसी भी तरह की आशंका नहीं दिखती।
अखबार की एक रिपोर्ट में कहा गया है, "लार्ड्स टेस्ट के बाद सटोरियों ने मध्य लंदन के होटल रॉयल केनसिंग्टन गार्डन में ली और जानसन से संपर्क किया था। इन दोनों ने तत्काल अपनी टीम के प्रबंधक स्टीव बर्नार्ड और अन्य संबंधित अधिकारियों से इसकी जानकारी दी थी।"
पिछले दिनों मैच फिक्सिंग के पूरे विवाद के सामने आने के बाद ब्रिटेन की पुलिस-स्कॉटलैंड यार्ड ने पाकिस्तान मूल के कथित सटोरिए मजहर माजिद को गिरफ्तार भी किया था। स्कॉटलैंड यार्ड ने इस संबंध में पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान सलमान बट्ट, तेज गेंदबाज आसिफ, मोहम्मद आमेर और कामरान अकमल से भी पूछताछ की।
उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द न्यूज ऑफ द वर्ल्ड' द्वारा किए गए एक स्टिंग ऑपरेशन में माजिद ने समाचार पत्र से 150,000 पाउंड लिए और पहचान छुपाकर उससे मिलने वाले पत्र के संवाददाता से वादा किया कि पाकिस्तानी तेज गेंदबाज निर्धारित समय पर लार्ड्स टेस्ट में नो-बॉल फेंकेंगे। बाद में ऐसा ही हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications