हमारी लड़की वापिस करो, वरना तुम्हारी लड़की उठा लेंगे
हिसार। हरियाणा के हिसार जिले के बीड़ गांव में एक युवक-युवती द्वारा अंतरजातीय विवाह करने के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
इसी गांव के मिंटू(22) और मनी(18) ने एक दूसरे से अंतरजातीय विवाह किया और उसके बाद से ये युगल गांव से गायब है। युवक के पिता जयदयाल ने युवती के परिजनों पर थाने में ही धमकियां देने का आरोप लगाते हुए जान का खतरा बताया है।
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। युवक और युवती के परिजन भारी संख्या में लोगों को साथ लेकर बुधवार सुबह सदर थाना परिसर में पहुंच गए। दोनों तरफ तनावपूर्ण माहौल बना हुआ था।
युवक के पिता जयदयाल ने वहां पत्रकारों को बताया कि युवती के परिजन धमकी देते हुए कह रहे हैं कि अब भी लड़की लौटा दो, अन्यथा हम तुम्हारी बेटियों को उठा ले जाएंगे। जयदयाल ने बताया कि जब से युगल गायब हुआ, तभी से उसे धमकियां मिलने लगी।
मिंटू के पिता का कहना है कि युवती के परिजन उनके परिवार पर हमला कर सकते हैं। प्रशासन ने तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया है।
लड़के के पिता रामदयाल ने बाद में डीएसपी जगबीर सिंह को शिकायत देते हुए कहा कि थाना परिसर में युवती के पिता जंगीर सिंह तथा रिश्तेदारों द्वारा जान से मारने की धमकी तथा जातिसूचक गालियां दी। बसपा नेता संजय चौहान ने परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की।












Click it and Unblock the Notifications