पाकिस्तान में चाहिए और हेलिकॉप्टर

संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने पाकिस्तान की बाढ़ को 'धीमी गति का सुनामी' बताया है.बान की मून का कहना है कि कई सड़कें और पुल टूट गए हैं बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे हुए लाखों लोगों तक खाना और राहत सामग्री पहँचाने के लिए जल्द से जल्द क़दम उठाए जाने की ज़रूरत है.
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता जेनरल अथर अब्बास ने बीबीसी को बताया कि राहत कार्य में पाकिस्तानी सेना के 45 हेलिकॉप्टर और 60 हज़ार सैनिक लगे हुए हैं और अमरीकी सेना के 15 हेलिकॉप्टर भी मदद कर रहे हैं.
बाढ़ के बाद बीमारी
पाकिस्तान की सरकार का कहना है कि अब उसके दक्षिण का प्रांत सिंध बाढ़ से सबसे ज़्यादा प्रभावित हो रहा है.वहां बाढ़ से संबंधित नई चेतावनी जारी की गई है और लोगों को गाँव खाली कराकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जा रहा है.विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि बाढ़ के बाद अब बीमारियों का ख़तरा बढ़ गया है और हैजा, दस्त और मलेरिया के मामले बड़ी संख्या में लगातार सामने आ रहे हैं.
राहत संस्थाओं का कहना है कि बचाव कार्य के लिए कई संस्थाओं से आर्थिक मदद मिलनी शुरू हो गई है लेकिन और मदद की ज़रूरत है.पूरे पाकिस्तान का लगभग पाँचवाँ हिस्सा अभी भी बाढ़ के पानी में डूबा हुआ है और क़रीब 60 लाख पाकिस्तानी बेघर हो गए हैं.कुल मिलाकर दो करोड़ से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं.












Click it and Unblock the Notifications