हैदराबाद में गणितज्ञ सम्मेलन

उमर फ़ारूक़
बीबीसी संवाददाता, हैदराबाद
भारत के इतिहास में गणितज्ञों का सबसे बड़ा सम्मेलन – इंटरनेशनल कांग्रेस ऑफ़ मैथेमेटिशियंस – गुरूवार से हैदराबाद में शुरू हुआ है.
आठ दिनों तक चलनेवाले सम्मेलन में विश्व के 90 देशों के 3000 गणितज्ञ हिस्सा ले रहे हैं.
सम्मेलन का आयोजन गणितज्ञों कीअन्तर्राष्ट्रीय यूनियन ने किया है जो पिछले 113 वर्षों से विश्व में गणित को प्रोत्साहित करने के प्रयास में जुटी हुई है.
हैदराबाद में हो रही गणित कांग्रेस की सबसे बड़ी विशेषता ये है कि इस सम्मेलन के इतिहास में पहली बार एक महिला इंग्रिड दौबेचिस अध्यक्ष चुना गया है जो अमरीका के प्रिंसटन विश्विविद्यालय में गणितज्ञ हैं.
सम्मेलन का शुभारंभ भारत की राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने किया जिन्होंने पहले दिन गणित के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार समझे जाने वाले – फ़ील्ड्स मेडल पुरस्कार और दूसरे बड़े पुरस्कार दिए.
पुरस्कार
फ़ील्ड्स मेडल चार गणितज्ञों को दिए गए. ये हैं – येरूशेलम के हीब्रू विश्वविद्यालय के एलोन लिन्डेन स्ट्रॉस, पेरिस के पेरिस-सूद विश्वविद्यालय के नागो बाओ चौ, जेनेवा विश्वविद्यालय के स्तानिस्लाव स्मिरनोव और हेनरी पोइंकारे इंस्टीच्यूट ऑफ़ पेरिस के सेड्रिक विल्लानी.
इसके अतिरिक्त सम्मेलन के पहले दिन चीन के प्रख्यात गणितज्ञ शेन चेर्न की याद में शुरू किया गया चेर्न मेडल भी दिया गया.
गणित के क्षेत्र में आजीवन सेवा के लिए दिया जानेवाला पहला चेर्न पदक न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय के लुईस निरेनबर्ग को दिया गया.
गणित कांग्रेस में विकासशील देशों में गणित को बढ़ावा देने और विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में गणित की भूमिका चर्चा के प्रमुख विषय रहेंगे.
भारत का योगदान
गणित कांग्रेस का आरंभ करते हुए राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने कहा कि चार वर्ष में एक बार होने वाला अधिवेशन विश्वभर के गणितज्ञों को एक जगह जुटने और इस क्षेत्र में होने वाली प्रगति और नए परिवर्तनों पर विचार विमर्श करने का अवसर उपलब्ध करवाता है.
उन्होंने इस क्षेत्र में प्राचीन काल से ही भारत के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि गणित को शून्य भारत ही की देन है.
गणित को विज्ञान की भाषा बताते हुए उन्होंने कहा कि गणित भारत की विज्ञान नीति का एक अटूट अंग है.
विज्ञान कांग्रेस के सचिव रजत टंडन ने कहा कि ये कांग्रेस भविष्य की चुनौतियों की पहचान करने और उनसे निबटने के रास्ते ढूँढने में सहायक होगी.
आठ दिवसीय कांग्रेस में सबसे दिलचस्प दिन 24 अगस्त का दिन होगा जब शतरंज के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद एक साथ 40 गणितज्ञों के साथ शतरंज खेलेंगे.












Click it and Unblock the Notifications