कश्मीर झड़पों में दो दर्जन घायल, मृतकों की संख्या 60 हुई (राउंडअप)
हुर्रियत नेता सैयद अली शाह गिलानी के बंद के आह्वान की वजह से जनजीवन प्रभावित रहा। दुकानें, व्यायसायिक प्रतिष्ठान, शैक्षिक संस्थान, बैंक, पोस्ट आफिस बंद रहे और सार्वजनिक परिवहन सड़क से नदारद रहे।
बंद के आह्वान को देखते हुए श्रीनगर और उत्तरी कश्मीर के सोपोर शहर में कर्फ्यू लगाया गया जबकि बारामूला, हंदवाड़ा, कुपवाड़ा और पुलवामा कस्बों में निषेधाज्ञा लगाए गए।
इस दौरान कई इलाकों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया जिससे कई स्थानों पर झड़पें हुईं।
शनिवार को अनंतनाग जिले के हरनाग गांव में मिल्लत अहमद डार नाम के आठ वर्षीय बच्चे को खेलते समय गोली लगी थी। यह गोली काफी दूर से चली थी।
अपना नाम न बताते हुए एक स्थानीय निवासी ने कहा, "बच्चा किसी भीड़ में शामिल नहीं था। वह खुलगांव जिले के वानपोरा गांव से अपनी मां के गांव आया था।"
उन्होंने कहा, "गोली कहीं और से चली थी। यह गोली किसी मासूम की ही जान लेना चाहती थी।"
खबरों के मुताबिक शनिवार को हरनाग गांव में एक भीड़ ने सुरक्षाबलों की एक कार और एक अन्य वाहन पर हमला किया था। तब सुरक्षाबलों ने हवा में गोलियां चलाईं थीं।
दक्षिण कश्मीर में इस बच्चे की मौत की खबर फैलने से तनाव बढ़ गया है। अधिकारियों ने कोईमोह और अनंतनाग जिले के कस्बों में कर्फ्यू लगा दिया है।
उधर सोपोर और रियासी जिलों में गुरुवार को हुए आतंकवादी हमलों में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई।
सोपोर में आतंकवादियों ने एक विधायक के घर पर हमला कर दिया जिसमें एक विशेष सुरक्षा अधिकारी (एसपीओ) की मौत हो गई जबकि पुलिस के दो जवान घायल हो गए। रियासी जिले में आतंकवादियों ने दो ग्रामीणों की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक आतंकवादियों ने सत्ताधारी नेशनल कांफ्रेंस के विधायक मुहम्मद अशरफ डार के घर पर हमला किया। गोलीबारी के वक्त डार घर पर मौजूद नहीं थे। हमले के बाद आतंकवादी फरार हो गए।
जम्मू से लगभग 150 किलोमीटर दूर रियासी जिले के सुखा-चासना क्षेत्र में आतंकवादियों ने दो ग्रामीणों की गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों ग्रामीणों के शव बरामद कर लिये गये हैं। उनकी पहचान जावेद अहमद और नानक चंद के रूप में की गई है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "हम इस मामले में और जानकारी एकत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं।" अधिकारी ने साथ ही यह भी बताया कि रियासी जिले के ऊपरी इलाकों में हिजबुल मुजाहिदीन और लश्कर-ए-तैय्यबा के आतंकवादियों की खासी उपस्थिति दर्ज की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications